यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 10, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Savings Account पर ये बैंक दे रहा है 7% ब्याज, कई बैंकों की FD से भी ज्यादा मिल रहा इंटरेस्ट
Equitas Small Finance Bank के सेविंग अकाउंट होल्डर्स की संख्या 6 लाख के आसपास है।

मुंबई, पीटीआइ। आज के समय में वाणिज्यिक क्षेत्र के प्रमुख बैंक सावधि जमा (Fixed Deposit) पर भी बहुत अधिक ब्याज की पेशकश नहीं कर रहे हैं। ऐसे में Equitas Small Finance Bank ने सेविंग अकाउंट में जमा राशि पर ब्याज दर में इजाफा की घोषणा की है। बैंक ने कहा है कि वह सेविंग अकाउंट में एक लाख रुपये से पांच करोड़ रुपये तक की राशि पर अब 5.5 फीसद की बजाय सात फीसद की दर से ब्याज देगा। बैंक ने अधिक-से-अधिक जमाकर्ताओं को आकर्षित करने के लिए सेविंग अकाउंट पर ब्याज दर में बढ़ोत्तरी की है। बैंक की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि संशोधित दरें बुधवार से लागू हो गई हैं।
खाताधारकों को बचत पर भी मिलेगा बेहतर रिटर्न
बैंक के प्रेसिडेंट और कंट्री हेड (ब्रांच बैंकिंग, लायबलिटीज, प्रोडक्ट एंड वेल्थ) मुरली वैद्यनाथन ने कहा, ''हम सेविंग अकाउंट में एक लाख रुपये से पांच करोड़ रुपये तक की राशि रखने वालों को सालाना सात फीसद का ब्याज देने की पेशकश कर रहे हैं। हमारा मानना है कि इससे पुराने ग्राहकों और नए सेविंग अकाउंट होल्डर्स को अधिक बचत के साथ बेहतर रिटर्न प्राप्त करने का मौका मिलेगा।''
(यह भी पढ़ेंः PMVVY Vs POMIS Vs SCSS: जानिए सीनियर सिटीजंस के लिए कौनसी निवेश योजना रहेगी बेहतर)
सेविंग अकाउंट पर ब्याज के दो स्लैब
Equitas Small Finance Bank के सेविंग अकाउंट होल्डर्स की संख्या 6 लाख के आसपास है। बैंक ने सेविंग अकाउंट्स में जमा राशि के लिए ब्याज का दो स्लैब रखा है। पहला स्लैब एक लाख रुपये तक की जमा राशि का है। दूसरा स्लैब एक लाख रुपये से अधिक की राशि का है। बैंक ने एक लाख रुपये तक की जमा राशि पर ब्याज दर को 3.5 फीसद पर रखा है।
