सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ये हैं नेपाल के 'गौतम अदाणी'? 140 साल पुराना बिजनेस ग्रुप, 32 देशों में कारोबार और भारत के हर घर में मशहूर है इनका ब्रांड

Published: Fri, 09 Oct 2026 12:28 PM (IST)

जब भी अमीरों या बिजनेस टॉइकून की बात होती है तो मुकेश अंबनी, गौतम अदाणी या अनिल अग्रवाल की बात ...और पढ़ें

नेपाली के 'गौतम अदाणी'

नेपाली के 'गौतम अदाणी'

HighLights

  1. बिनोद चौधरी नेपाल के एकमात्र अरबपति कारोबारी हैं।

  2. उनका CG कॉर्प ग्लोबल 32 से अधिक देशों में फैला है।

  3. वाई-वाई नूडल्स भारत में भी एक मशहूर ब्रांड है।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: भारत के पड़ोसी देश नेपाल (Nepal) का सबसे अमीर शख्स कौन है? इस सवाल को भारत के बिजनेस टाइकून गौतम अदाणी से जरूर जोड़ा जाता है। आपके बता दें कि इस शख्स का बिजनेस साम्राज्य 32 से ज्यादा देशों में फैला हुआ है। उनका कारोबार सिर्फ नेपाल तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत समेत कई देशों में भी उनकी कंपनियों और ब्रांड्स की मजबूत पहचान है। खास बात यह है कि उनके ग्रुप का इतिहास 140 साल से भी ज्यादा पुराना है और भारत में भी उनका एक ऐसा ब्रांड है, जिसे आपने जरूर देखा या इस्तेमाल किया होगा।

कौन हैं नेपाल के ‘गौतम अदाणी’?

नेपाल के सबसे अमीर व्यक्ति बिनोद चौधरी हैं। जिस तरह भारत में मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) और गौतम अदाणी (Gautam adani) को बड़े कारोबारी के तौर पर जाना जाता है, उसी तरह नेपाल में चौधरी की पहचान एक बड़े बिजनेस टाइकून के रूप में है। उनकी कंपनी का नेपाल की अर्थव्यवस्था में भी अहम योगदान है।

बिनोद चौधरी (Binod Chaudhary) CG कॉर्प ग्लोबल के चेयरमैन हैं। वह नेपाल के इकलौते अरबपति कारोबारी भी हैं। फोर्ब्स के मुताबिक, उनकी संपत्ति का बड़ा हिस्सा नेपाल के नबिल बैंक और मशहूर वाई-वाई नूडल्स बनाने वाली कंपनी CG Foods में उनकी कंट्रोलिंग हिस्सेदारी से जुड़ा है।

कितना पुराना है बिजनेस?

बिनोद चौधरी के CG Corp Global ग्रुप का इतिहास करीब 140 साल पुराना है। इस लिहाज से इसकी शुरुआत भारत की दिग्गज कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज से भी पहले हुई थी। रिलायंस की स्थापना धीरूभाई अंबानी ने 1958 में की थी।

छोटी शुरुआत से आगे बढ़ते हुए चौधरी (Binod Chaudhary success story) ग्रुप आज नेपाल के सबसे बड़े कारोबारी समूहों में शामिल हो गया है। इसका कारोबार दुनिया के 32 से ज्यादा देशों में फैला है। ग्रुप के पास 202 से ज्यादा कंपनियां और करीब 261 से ज्यादा ब्रांड हैं।

CG कॉर्प ग्लोबल की शुरुआत 19वीं सदी यानी 1870 के दशक में भूरमल चौधरी ने कपड़ों के कारोबार से की थी। बाद में 1968 में उनके पोते बिनोद चौधरी के नेतृत्व में इस कारोबार को आधुनिक बिजनेस और मल्टीनेशनल कंपनी के रूप में आगे बढ़ाया गया।

होटल से लेकर रियल एस्टेट तक फैला है कारोबार

बिनोद चौधरी का कारोबारी साम्राज्य कई अलग-अलग सेक्टर में फैला हुई है। उनके ग्रुप का कारोबार होटल और रिसॉर्ट , शिक्षा, रियल एस्टेट, FMCG यानी खाने-पीने की चीजों, फाइनेंशियल सर्विसेज, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स, सीमेंट, हाइड्रोपावर और EPC जैसे क्षेत्रों में है।

इस ग्रुप का मुख्यालय नेपाल की राजधानी काठमांडू में स्थित है। अलग-अलग क्षेत्रों में मौजूदगी के चलते CG कॉर्प ग्लोबल ने नेपाल के बाहर भी अपनी मजबूत पहचान बनाई है।

भारत में भी मशहूर है इनका वाई-वाई नूडल्स ब्रांड

अगर आपने इंस्टेंट नूडल्स खाए हैं, तो वाई-वाई (Wai Wai) का नाम जरूर सुना होगा। यह प्री-कुक्ड इंस्टेंट नूडल्स का लोकप्रिय ब्रांड है और CG कॉर्प ग्लोबल की कंपनी CG Foods के तहत आता है। वाई-वाई अपने खास लहसुन, फ्राइड और उमामी स्वाद के लिए जाना जाता है। इसकी खासियत यह भी है कि इसे पैकेट से निकालकर कुरकुरे स्नैक की तरह खाया जा सकता है। इसके अलावा, इसे कुछ ही मिनटों में सूप के साथ पकाकर भी खाया जा सकता है। फोर्ब्स को दिए एक इंटरव्यू में बिनोद चौधरी ने बताया था कि वह आटे से कोई प्रोडक्ट बनाना चाहते थे और इसी सोच से उन्होंने नूडल्स का कारोबार शुरू किया।

उन्होंने बताया कि बैंकॉक आते-जाते समय उन्होंने एयरपोर्ट के बैगेज बेल्ट पर नूडल्स के कई कार्टन देखे। जब उन्होंने लोगों से पूछा कि थाईलैंड से इतने सारे कार्टन क्यों आ रहे हैं, तो उन्हें जवाब मिला कि लोगों को नूडल्स काफी पसंद हैं। चौधरी के मुताबिक, समय के साथ लोग भी इस प्रोडक्ट के साथ आगे बढ़ते गए।

उन्होंने यह भी बताया कि शुरुआत में भारत में वाई-वाई आसानी से उपलब्ध नहीं था, लेकिन बाद में इस ब्रांड ने यहां अपनी अच्छी पकड़ बना ली। उनके इंटरव्यू के मुताबिक, भारत में वाई-वाई की बाजार हिस्सेदारी 20 फीसदी है।

कितनी है नेपाल के सबसे अमीर कारोबारी की नेटवर्थ?

फोर्ब्स के रियल-टाइम ट्रैकिंग आंकड़ों के अनुसार, बिनोद चौधरी की नेटवर्थ करीब 2.1 अरब डॉलर है। भारतीय मुद्रा में यह रकम लगभग 20 हजार करोड़ रुपये के बराबर बैठती है।

यह भी पढ़ें: भारत का वो उद्योगपति, जिसने एक मिल से शुरू किया सफर, फिर 41 देशों तक पहुंचा कारोबार; विदेश में खड़ा किया साम्राज्य