हफ्ते के पहले कारोबारी दिन लाल निशान में बंद हुआ बाजार, सेंसेक्स 39 अंक टूटा
इनके स्थान पर टाइटन कंपनी अल्ट्राटेक सीमेंट और नेस्ले इंडिया के शेयर शामिल किए गए हैं। चीन का शंघाई और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी नुकसान में रहे।
नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ. इसकी सबसे बड़ी वजह रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भारी बिकवाली रही जिसके चलते सेंसेक्स और निफ्टी नीचे आए। बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 38.88 अंक या 0.09 फीसद के नुकसान से 41,642.66 अंक पर बंद हुआ। जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 9.05 अंक या 0.07 फीसद गिरावट के बाद 12,262.75 अंक पर आ गया।
सेंसेक्स की कंपनियों में नेस्ले इंडिया का शेयर सबसे अधिक 2.20 फीसद टूटा। यह नेस्ले का सेंसेक्स में कारोबार का पहला दिन था। इसके अलावा एसबीआई, टेक महिंद्रा, आईटीसी और महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयर भी नुकसान में रहे। वहीं दूसरी ओर मारुति, हीरो मोटोकॉर्प, कोटक बैंक, बजाज आटो और बजाज फाइनेंस के शेयरों में लाभ रहा जिससे बाजार की गिरावट सीमित रही।
कारोबारियों ने कहा कि सेंसेक्स के शेयरों में बदलाव से कीमतों में कुछ उतार-चढ़ाव देखने को मिला, क्योंकि कोष प्रबंधक अपने पोर्टफोलियो को समायोजित कर रहे थे। येस बैंक, वेदांता, टाटा मोटर्स और टाटा मोटर्स डीवीआर के शेयर सेंसेक्स से हट गए हैं। इनके स्थान पर टाइटन कंपनी, अल्ट्राटेक सीमेंट और नेस्ले इंडिया के शेयर शामिल किए गए हैं। चीन का शंघाई और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी नुकसान में रहे। वहीं हांगकांग का हैंगसेंग और जापान का निक्की लाभ में रहे। आज बाजार में डॉलर के मुकाबले रुपया चार पैसे के नुकसान से 71.16 प्रति डॉलर पर चल रहा था। ब्रेंट कच्चा तेल 0.05 फीसद के नुकसान से 66.11 डॉलर प्रति बैरल पर था।