US में बॉण्ड यील्ड बढ़ने से एशियाई बाजार टूटे, भारतीय बाजार में भी गिरावट की आशंका
इस सप्ताह रिलायंस, मारुति, बंधन बैंक, यस बैंक, बायोकॉन, भारती एयरटेल, रिलायंस इन्फ्रा, आइडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक तथा बजाज कॉर्प के नतीजे आने हैं।
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। हफ्ते के पहले कारोबारी सत्र में भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत कमजोर होने की आशंका है। इसकी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिल रहे कमजोर संकेत हैं। शुक्रवार के सत्र में अमेरिकी शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए। वहीं आज सुबह से तमाम एशियाई बाजारों में बिकवाली हावी है। सिंगापुर निफ्टी 60 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 10540 के करीब कारोबार कर रहा है। ग्लोबल मार्केट में आई इस बिकवाली की बड़ी वजह अमेरिकी बॉण्ड यील्ड का बढ़ना है। अमेरिका में बॉण्ड यील्ड 3 फीसद के करीब पहुंच गई हैं।
भारतीय बाजारों के लिए बड़े ट्रिगर
ग्लोबल मार्केट में बिकवाली के चलते भारतीय शेयर बाजार के गिरावट के साथ खुलने और ट्रेड करने की पूरी आशंका है। निफ्टी के लिहाज से 10500 का स्तर बेहद अहम रहेगा, इसके टूटने पर बाजार में गिरावट और गहरा सकती है। शुक्रवार को निफ्टी की क्लोजिंग 10564 के स्तर पर आई थी। इस पूरे हफ्ते बाजार की नजर बड़ी कंपनियों के तिमाही नतीजों और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कच्चे तेल के भाव पर रहेगी। इस सप्ताह रिलायंस, मारुति, बंधन बैंक, यस बैंक, बायोकॉन, भारती एयरटेल, रिलायंस इन्फ्रा, आइडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक तथा बजाज कॉर्प समेत कुछ अन्य प्रमुख कंपनियों के तिमाही और पूरे वित्त वर्ष के नतीजे आने हैं। इसके साथ ही इस सप्ताह गुरुवार को इस महीने की डेरिवेटिव्स की एक्सपायरी भी होनी है, जो शेयर बाजार को प्रभावित कर सकती है।
विशेषज्ञ का नजरिया
कोटक सिक्युरिटीज की वाइस प्रेसिडेंट (रिसर्च) टीना वीरमानी का मानना है कि बाजार की नजर कंपनियों की तिमाही कमाई पर रहने वाली है। कर्नाटक विधानसभा चुनाव की गहमागहमी और कोई उल्लेखनीय घटना से बाजार अछूता नहीं भी रह सकता है। लेकिन निवेशकों की चिंता तेल के बढ़ते दाम पर है, जो चालू खाता घाटा और सकल मौजूदा वित्त वर्ष के लिए चुनौती का विषय बन सकता है।
एपिक रिसर्च के सीईओ मुस्तफा नदीम भी मानते हैं कि इस हफ्ते कई बड़ी कंपनियों के नतीजे आने हैं। ऐसे में बाजार चुनिंदा स्टॉक्स में अच्छी चाल देखने को मिल सकती है।
ग्लोबल मार्केट का हाल
सुबह करीब 8:30 बजे जापान का इंडेक्स निक्केई 0.34 फीसद की गिरावट के साथ 22085 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं चीन के बाजारों में हैंगसैंग 226 अंक गिरावट 30192 के स्तर पर और शंघाई 12 अंक गिरावट 3058 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। तायवान का इंडेक्स कोस्पी 0.25 फीसद की गिरावट के साथ 2470 के स्तर पर है। वहीं शुक्रवार को अमेरिकी शेयर बाजार में डाओ जोंस 201 अंक की गिरावट के साथ 24462 के स्तर पर बंद हुआ। एसएंडपी 22 अंक गिरावट 2670 के स्तर पर और नैस्डैक 91 अंक टूटकर 7147 स्तर पर बंद हुए।
छह कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 91,153 करोड़ रुपये बढ़ा
सेंसेक्स की 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से छह के बाजार पूंजीकरण में पिछले सप्ताह संयुक्त रूप से 91,152.73 करोड़ रुपये की बढ़त दर्ज की गई। इसमें सबसे ज्यादा 48,890.9 करोड़ रुपये बढ़ोतरी आइटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के बाजार पूंजीकरण में हुई। इस उछाल के चलते टीसीएस एक बार फिर सेंसेक्स की सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई। एफएमसीजी दिग्गज आइटीसी के बाजार पूंजीकरण में 18,489.51 करोड़ की बढ़ोतरी हुई और वह सप्ताह के कारोबार के आखिर में 3,36,777.52 करोड़ पर जा पहुंचा।