Reliance Industries Q2 Results: 3.62 लाख करोड़ रेवेन्यू, मुनाफा 29550 करोड़ रुपये; कैसा रहा O2C से JIO तक का प्रदर्शन?
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही में रिकॉर्ड 3.62 लाख करोड़ रुपये का राजस्व और 29,550 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया है।

HighLights
राजस्व 3.62 लाख करोड़, EBITDA 62,409 करोड़ रुपये रिकॉर्ड।
कंपनी का शुद्ध लाभ 29,550 करोड़ रहा।
O2C, डिजिटल सेवाओं, रिटेल ने प्रदर्शन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
नई दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने FY27 की दूसरी तिमाही में मजबूत वित्तीय प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी ने रेवेन्यू, EBITDA और नेट प्रॉफिट में अच्छी ग्रोथ दर्ज की है। कंपनी ने 30 अक्टूबर को दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए। कंपनी के मुनाफे में उछाल के पीछे मुख्य कारण 'ऑयल-टू-केमिकल्स' (ऑयल से केमिकल) कारोबार का शानदार प्रदर्शन, और डिजिटल सेवाओं तथा रिटेल क्षेत्र में हुई वृद्धि है, जिसके चलते कंपनी के रेवेन्यू में 28 प्रतिशत का उछाल आया है।
Q2 रिजल्ट के अहम आंकड़े
- दूसरी तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड रेवेन्यू बढ़कर 3.62 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।
- EBITDA 24 प्रतिशत बढ़कर 62,409 करोड़ रुपये के अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया, जबकि नेट प्रॉफिट 34 प्रतिशत बढ़कर 29,550 करोड़ रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर आ गया।
- वित्त वर्ष 2027 की पहली छमाही में कंपनी का शुद्ध लाभ पहली बार 50,000 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया।
- रिलायंस इंडस्ट्रीज ने इस तिमाही के दौरान 38,153 करोड़ रुपये का पूंजीगत खर्च (कैपिटल एक्सपेंडिचर) किया। यह रकम कंपनी के ऑयल-टू-केमिकल्स और न्यू एनर्जी बिजनेस की परियोजनाओं में लगाई गई, साथ ही इसके कंज्यूमर बिजनेस में इंफ्रास्ट्रक्चर और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क का विस्तार किया गया।
- जियो प्लेटफॉर्म्स का EBITDA 16.6 प्रतिशत बढ़कर 21,879 करोड़ रुपये हो गया, जबकि इसका EBITDA मार्जिन 250 बेसिस पॉइंट्स बढ़कर 54.1 प्रतिशत हो गया।
जियो का कुल सब्सक्राइबर बेस 542 मिलियन के पार पहुंच गया है, जिसमें इस तिमाही के दौरान 9.1 मिलियन नए सब्सक्राइबर जुड़े हैं। इसका 5G सब्सक्राइबर बेस 300 मिलियन हो गया है। कुल वायरलेस ट्रैफ़िक में 5G की हिस्सेदारी लगभग 56 प्रतिशत रही।
नतीजों पर मुकेश अंबानी ने क्या कहा?
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर, मुकेश अंबानी ने कहा, "वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही (2Q FY27) के दौरान, जटिल कारोबारी माहौल के बावजूद हमारे बिजनेसेज ने शानदार प्रदर्शन किया। कमोडिटी बाजारों में उतार-चढ़ाव बना रहा, जबकि जियो-पॉलिटिकल टेंशन का ग्लोबल सप्लाई चेन पर दबाव जारी रहा। ऐसे हालात में, हमारे पोर्टफोलियो का घरेलू झुकाव, साथ ही परिचालन अनुशासन और हमारे एकीकृत व्यवसायों की विविधता ने रिलायंस को बाहरी उतार-चढ़ाव का प्रभावी ढंग से सामना करने में मदद की।"