रतन टाटा छोड़ सकते हैं टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन का पद, 6 महीने के भीतर पूरी हो जाएगी नए चेयरमैन की तलाश
साइरस मिस्त्री को टीसीएस और टाटा टेली सर्विसेज के निदेशक पद से हटाए जाने के बाद रतन टाटा टाटा ट्रस्ट का मुखिया पद छोड़ सकते हैं
नई दिल्ली। साइरस मिस्त्री को टीसीएस और टाटा टेली सर्विसेज के निदेशक पद से हटाए जाने के बाद रतन टाटा टाटा ट्रस्ट का मुखिया पद छोड़ सकते हैं। अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी खबर के मुताबिक, ट्रस्ट ने बाहरी कंसल्टेंट्स से नए चेयरमैन के चुनाव को लेकर सलाह मांगी है। माना जा रहा है कि अगले वर्ष के मध्य तक नए चेयरमैन की तलाश पूरी हो जाएगी।
रतन टाटा के नजदीकी आरके कृष्ण कुमार के हवाले से रिपोर्ट में बताया गया है कि इस बार ट्रस्ट का नया चेयरमैन भारतीय ही होगा। हालांकि, यह जरूरी नहीं है कि वह पारसी हो या फिर टाटा परिवार का सदस्य हो। आपको बता दें कि रतन टाटा ने टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन पद से साइरस मिस्त्री को हटा दिया था। इसके बाद से वह खुद ट्रस्ट के अंतरिम चेयरमैन थे।
टाटा समूह की अन्य कंपनियों में टाटा ट्रस्ट का 41 अरब डॉलर का निवेश है। बाताया जा रहा है कि रतन टाटा पद छोड़ने के बाद भी एक अहम सदस्य बने रहेंगे। वहीं दूसरी ओर टाटा संस फरवरी तक खुद ही नए चेयरमैन की नियुक्ति की प्रक्रिया में है। रतन टाटा ने 2012 में जब साइरस मिस्त्री को टाटा संस का चेयरमैन बनाया था, तब भी वह टाटा ट्रस्ट के मुखिया बने हुए थे।
नुस्ली वाडिया ने टाटा सन्स पर किया मानहानि का केस
नुस्ली वाडिया ने टाटा सन्स के खिलाफ 3000 करोड़ रुपए का मानहानि का मामला दर्ज कराया है। बता दें कि नुस्ली वाडिया टाटा समूह की कुछ कंपनियों में एक स्वतंत्र निदेशक और उद्योगपति हैं। वाडिया के नजदीकी सूत्रों के मुताबिक, गुरुवार को बंबई हाई कोर्ट में मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया गया है।