मुंबई में 80 के पार पहुंचा पेट्रोल, जीएसटी के दायरे में लाने की तैयारी में सरकार
पेट्रोलियम एवं नैचुरल गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि सरकार यह कोशिश कर रही है पेट्रोल, डीजल और केरोसीन भी जीएसटी के दायरे में आने चाहिए
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में उबाल जारी है। सोमवार को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पेट्रोल की कीमतें 80 के पार चली गईं। वहीं दिल्ली में भी कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं। मंगलवार को मुंबई में पेट्रोल के दाम 80 रुपए 25 पैसे और दिल्ली में 72 रुपए 38 पैसे रहे।
प्रमुख मेट्रो शहरों में पेट्रोल की कीमतें:
बीते 10 दिनों में पेट्रोल की कीमतों में इजाफा: साल 2018 के जनवरी महीने में ही बीते 10 दिन के दौरान दिल्ली और मुंबई में पेट्रोल की कीमतें करीब 2 रुपए तक बढ़ चुकी हैं। 11 जनवरी को जहां दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 70.66 रुपए थी वहीं इस तारीख को मुंबई में दाम 78.55 रुपए थे। वहीं 22 जनवरी 2018 को दिल्ली में पेट्रोल के दाम 72.33 और मुंबई में 80.10 रुपए हो गए।
पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के दायरे में लाने का प्रयास कर रही है सरकार: केंद्रीय पेट्रोलियम एवं नैचुरल गैस मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि सरकार यह कोशिश कर रही है पेट्रोल, डीजल और केरोसीन भी जीएसटी के दायरे में आने चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई है कि जल्द ही जीएसटी काउंसिल इसको लेकर सहमति बना लेगी। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में ईंधन की कीमतों में इजाफे ने भारत में भी पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ा दी हैं। वहीं राज्य भी पेट्रोल पर कर लगाती हैं। प्रधान ने कहा कि एक बार इसके जीएसटी के दायरे में आ जाने के बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतें स्थिर हो जाएंगी और 50 के दायरे के आस-पास ही रहेंगी।