भारत के एक फीसदी अमीर लोग देश की 58 फीसदी संपत्ति के मालिक: ऑक्सफेम
केवल 8 व्यक्तियों के पास दुनिया की आधी आबादी के बराबर संपत्ति है। इस सूची में बिल गेटस, मार्क जुकरबर्ग और अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोज शामिल हैं
नई दिल्ली। दुनिया जितनी तेजी से आगे बढ़ रही है उतनी ही तेजी से दौलतमंदों की संपत्ति बढ़ रही है। आपको जानकर हैरानी होगी कि दुनिया के सिर्फ 8 व्यक्तियों के पास उतनी दौलत है जितनी कि दुनिया की आधी आबादी के पास भी नहीं है। दावोस में विश्व आर्थिक मंच की शुरूआत से पहले, ऑक्सफेम ने यह दावा किया है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इससे हमारे समाजों में विभाजन का खतरा पैदा होता है।
जिन आठ उद्योगपतियों के बारे में ऑक्सफेम ने बताया है उनमें छह अमेरिका के और एक एक स्पेन व मेक्सिको के उद्योगपति शामिल हैं। ऑक्सफेम के मुताबिक, इन उद्योगपतियों के पास जितनी संपत्ति है वह संपत्ति दुनिया के सबसे गरीब 3.6 अरब लोगों के पास मौजूद संपत्ति के बराबर है।
इन उद्योगपतियों का चुनाव फोर्ब्स की अरबपतियों की सूची से किया गया है। इनमें माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेटस, फेसबुक के सह-संस्थापक मार्क जुकरबर्ग और अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोज शामिल हैं।
विश्व में अमीर और गरीबों के बीच के विशाल अंतर और मुख्यधारा की राजनीति में उत्पन्न हो रहे असंतोष को ऑक्सफेम ने रेखांकित किया है। अपनी एक नई रिपोर्ट एन इकोनॉमी फॉर द 99 पर्सेंट में ऑक्सफेम ने कहा, ब्रेग्जिट से लेकर डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति अभियान की सफलता तक, नस्लवाद में वृद्धि और मुख्यधारा की राजनीति में अस्पष्टता से चिंता बढ़ रही है। वहीं विकसित देशों में ज्यादा से ज्यादा लोगों में यथास्थिति बदार्शत न करने के संकेत भी अधिक दिख रहे हैं।
मंगलवार से दावोस में शुरू हो रही विश्व के राजनीतिक और आर्थिक विशिष्ट वर्गों की बैठक के एजेंडे में असमानता प्रमुख मुद्दा है। यह बैठक शुक्रवार तक चलेगी। इस विश्व आर्थिक मंच की वार्षिक बैठक में करीब 3,000 लोग शिरकत करेंगे।