भारत में तेजी से बढ़ रही अरबपतियों की संख्या, चार साल में 24 फीसद वृद्धि
दुनिया में भारत की बढ़ती धाक के साथ-साथ यहां अरबपतियों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है।
नई दिल्ली (ओमप्रकाश तिवारी)। दुनिया में भारत की बढ़ती धाक के साथ-साथ यहां अरबपतियों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। द वेल्थ रिपोर्ट, 2019 में सामने आया है कि 2014 से 2018 के बीच भारत में अरबपतियों की संख्या में 24 फीसद की वृद्धि हुई है। 2018 में यहां अति धनाढ्य लोगों की संख्या 1,947 रही। अति धनाढ्य की श्रेणी में उन लोगों को रखा जाता है जिनकी परिसंपत्ति तीन करोड़ डॉलर (करीब 210 करोड़ रुपये) से ज्यादा होती है।
नाइट फ्रैंक ने अल्ट्रा हाई नेट वर्थ इंडीविजुअल (यूएचएनडब्ल्यूआइ) यानी अति धनाढ्य लोगों पर अपनी यह रिपोर्ट जारी की है। इसमें अगले पांच साल का अनुमान भी व्यक्त किया गया है। अनुमान के मुताबिक अगले पांच साल (2018 से 2013) में भारत में अति धनाढ्य लोगों की संख्या 39 फीसद बढ़ेगी। वृद्धि के लिहाज से भारत दुनियाभर में पहले स्थान पर रहेगा। वर्ष 2023 में भारत में अति धनाढ्य लोगों की संख्या 2,697 रहने का अनुमान है। फिलीपींस (38 फीसद) और चीन (35 फीसद) के साथ वृद्धि के मामले में क्रमश: दूसरे व तीसरे स्थान पर रहेंगे।
नाइट फ्रैंक एशिया पैसिफिक के रिसर्च प्रमुख निकोलस होल्ट के अनुसार अर्थव्यवस्थाओं की गति धीमी होने के बावजूद एशिया में विकास की संभावनाएं अनुकूल बनी हुई हैं। जहां चीन की अर्थव्यवस्था की रफ्तार धीमी होने का अनुमान है, वहीं भारत और फिलीपींस जैसे उभरते बाजार आने वाले वषों में सबसे तेजी से तरक्की करेंगे।