NTPC के बिहार के इस जिले में 1000 एकड़ में दो नए न्यूक्लियर पावर प्लांट, 250000000000 रुपये का करेगी निवेश
एनटीपीसी बिहार के बांका जिले में 25,000 करोड़ रुपये के निवेश से दो नए परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की ...और पढ़ें

सार्वजनिक क्षेत्र की दिग्गज कंपनी NTPC एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। (सांकेतिक तस्वीर)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
नई दिल्ली। ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और स्रोतों में विविधता लाने की दिशा में सार्वजनिक क्षेत्र की दिग्गज कंपनी एनटीपीसी (NTPC) एक बड़ा कदम उठाने जा रही है। कंपनी बिहार में दो नए परमाणु ऊर्जा संयंत्र (Nuclear Power Plant) स्थापित करने पर विचार कर रही है, जिससे राज्य में बिजली उत्पादन और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। यहां इस प्रोजेक्ट से जुड़ी पूरी जानकारी हम आपको दे रहे हैं।
बिहार के किस जिले में लगेंगे परमाणु उर्जा प्लांट?
NTPC ने इस मेगा प्रोजेक्ट के लिए बिहार के बांका जिले का चयन किया है, जो राजधानी पटना से लगभग 250 किलोमीटर दूर स्थित है। योजना के तहत यहाँ 700-700 मेगावाट क्षमता की दो परमाणु इकाइयां स्थापित की जाएंगी।
इस प्रोजेक्ट में कितना निवेश होगा?
इस पूरी परियोजना पर करीब 25,000 करोड़ रुपये का बड़ा निवेश होने का अनुमान है। प्रारंभिक आकलनों के अनुसार, इन दोनों परमाणु इकाइयों को स्थापित करने के लिए लगभग 1,000 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी। उद्योग के जानकारों के मुताबिक, आमतौर पर एक गीगावाट (1000 मेगावाट) क्षमता वाले परमाणु संयंत्र को तैयार करने में 15,000 से 20,000 करोड़ रुपये तक का खर्च आता है।
राज्य सरकार की इसमें क्या भूमिका है?
एक सरकारी अधिकारी के मुताबिक, प्रस्तावित परमाणु इकाइयों के लिए फिलहाल व्यवहार्यता अध्ययन (Feasibility Study) किया जा रहा है। जैसे ही यह अध्ययन पूरा हो जाएगा, उसके बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी। इस प्रोजेक्ट को लेकर राज्य सरकार का रुख बेहद सकारात्मक है। बिहार सरकार ने परियोजना के लिए अपना पूरा सहयोग देने के साथ-साथ इसके लिए आवश्यक जल आपूर्ति सुनिश्चित करने का भी आश्वासन दिया है।
न्यूक्लियर एनर्जी को लेकर क्या है NTPC का 'मास्टर प्लान'?
यह प्रोजेक्ट भारत सरकार और NTPC के भविष्य के ऊर्जा लक्ष्यों का एक अहम हिस्सा है। भारत सरकार ने साल 2047 तक देश में 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा क्षमता हासिल करने का बड़ा लक्ष्य रखा है।
इसी विजन के अनुरूप, NTPC देश के विभिन्न स्थानों पर कुल मिलाकर लगभग 30 गीगावाट की परमाणु क्षमता स्थापित करने की योजना बना रही है। कंपनी का तात्कालिक लक्ष्य साल 2032 तक कम से कम 2 गीगावाट परमाणु क्षमता हासिल करना है।
