2 अक्टूबर को दुकानों पर नहीं कर पाएंगे UPI पेमेंट, आखिर क्यों काम नहीं करेंगे सारे QR कोड्स? जानिए पूरी सच्चाई
NO UPI Payment: 2 अक्टूबर को मोबाइल रिटेलर्स 'नो यूपीआई डे' मनाएंगे, जिसकी वजह से आपको इस दिन UPI पेमेंट ...और पढ़ें

2 अक्टूबर को दुकानों पर नहीं कर पाएंगे UPI पेमेंट (ai photo)
HighLights
मोबाइल रिटेलर्स 2 अक्टूबर को 'नो यूपीआई डे' मनाएंगे।
यह विरोध प्रस्तावित 0.4% MDR शुल्क के खिलाफ है।
केवल विरोध में शामिल दुकानों पर ही UPI काम नहीं करेगा।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: अगर आप भी जेब में कैश के बजाय सिर्फ स्मार्टफोन लेकर चलते हैं, और चाय की टपरी से लेकर शॉपिंग मॉल तक हर जगह UPI (Google Pay, PhonePe, Paytm) से पेमेंट करते हैं, तो 2 अक्टूबर को आपको थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
दरअसल, 2 अक्टूबर को देश भर के कई व्यापारी और दुकानदार 'No UPI Day' (नो यूपीआई डे) मना रहे हैं। इस खबर के सामने आने के बाद आम लोगों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं कि क्या कल से यूपीआई पेमेंट बंद हो जाएगा? आइए आपको बताते हैं इस खबर की पूरी सच्चाई और इसके पीछे का कारण।
क्यों मनाया जाएगा 'No UPI Day'?
बता दें कि रिटेल स्टोर पर मोबाइल फोन, एक्सेसरीज और उनसे जुड़ी चीजों की खरीदारी करने वाले ग्राहकों को 2 अक्टूबर को UPI पेमेंट करने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मोबाइल रिटेलर्स द्वारा किए जाने वाले इस प्रोटेस्ट का कारण है UPI ट्रांजैक्शन पर प्रस्तावित 0.4% मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR)। यह विरोध तब हो रहा है जब सरकार उस जीरो-MDR फ्रेमवर्क को बदलने की तैयारी कर रही है, जो लगभग 6 साल से UPI पेमेंट पर लागू था।
कितना बढ़ेगा चार्ज?
नए नियमों के अनुसार, 15 अक्टूबर से मर्चेंट्स को 2,000 रुपये से ज्यादा के ट्रांसफर पर अतिरिक्त शुल्क देना होगा। हालांकि इस लगने वाले MDR की सबसे खास बता यह है कि ये एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति के बीच UPI ट्रांसफर और छोटे मर्चेंट्स को किए जाने वाले पेमेंट पहले की तरह मुफ्त रहेंगे।
सिर्फ मोबाइल रिटेलर्स ही क्यों कर रहे विरोध?
न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, यह विरोध ‘ऑल इंडिया मोबाइल रिटेलर्स एसोसिएशन’ (AIMRA) ने के द्वारा किया जा रहा है। लगने वाले MDR को लेकर एसोसिएशन ने चिंता जताई है कि खास UPI पेमेंट पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) लगने से मोबाइल रिटेलर्स पर अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।
इस विरोध पर बात करते हुए, AIMRA के वाइस प्रेसिडेंट और दिल्ली-NCR प्रेसिडेंट तरविंदर सिंह ने कहा है कि मोबाइल रिटेलर्स गांधी जयंती यानी 2 अक्टूबर पर अपने UPI QR कोड को काले कपड़े से ढक देंगे और UPI पेमेंट स्वीकार नहीं करेंगे। इसके साथ ही उनकी डिमांड है कि MDR स्ट्रक्चर पहले की तरह ही जीरो शुल्क पर रहना चाहिए।
क्या सच में काम नहीं करेगा UPI?
NPCI या किसी भी बैंक की तरफ से UPI सर्वर बंद नहीं किया जा रहा है। आप अपने दोस्तों, रिश्तेदारों या ऑनलाइन शॉपिंग के लिए धड़ल्ले से UPI इस्तेमाल कर सकेंगे। जो दुकानदार इस प्रोटेस्ट का हिस्सा हैं, वे अपनी दुकान से QR Code हटा सकते हैं या पेमेंट लेने से मना कर सकते हैं। ऐसी स्थिति में आपको नकद (Cash) देना पड़ सकता है। बड़े शोरूम्स और जो दुकानदार इस विरोध में शामिल नहीं हैं, वहां UPI पेमेंट सामान्य दिनों की तरह ही काम करेगा।
