एन चंद्रशेखरन ने संभाली टाटा संस की कमान, कर्मचारियों को लिखा पत्र
एन चंद्रशेखरन ने मंगलवार को टाटा संस की कमान संभालते ही कर्मचारियों को एक पत्र लिखा है।
नई दिल्ली: एन चंद्रशेखरन ने मंगलवार को टाटा संस की कमान संभाल ली है। वो टाटा ग्रुप के पहले गैर पारसी चेयरमैन हैं। कमान संभालते ही उन्होंने पहले दिन कर्मचारियों को एक पत्र लिखा है जिसमें उन्होंने ग्रुप को आगे ले जाने के लिए सभी का साथ मांगा। आपको बता दें इसके पहले चंद्रा के नाम से मशहूर एन चंद्रशेखरन इससे पहले टीसीएस के चेयरमैन थे और सोमवार को टीसीएस में बतौर चेयरमैन उनका आखिरी दिन था। जानिए चंद्रा ने क्या लिखा पत्र में..
एन चंद्रशेखरन ने पत्र में क्या लिखा:
टाटा संस की कमान संभालते ही पहले दिन उन्होंने कर्मचारियों को एक पत्र लिखा। इस पत्र में उन्होंने लिखा, “टाटा ग्रुप की 150 साल पुरानी विरासत की जिम्मेदारी संभालना मेरे लिए गौरव की बात है। मैं टाटा परिवार का हिस्सा बनकर खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। मैं ग्रुप की सभी कंपनियों के साथ मिलकर काम करने की कोशिश करूंगा और ग्रुप को साथ लाने की कोशिश करूंगा ताकि न सिर्फ बिजनेस के लिहाज से बल्कि एक सोसाइटी के लिहाज से भी हम असर डाल पाएं। हमारे ग्रुप की कंपनियां हमेशा से ही ऐतिहासिक रूप से आगे रही हैं फिर वो चाहे बिजनेस की बात हो या फिर समाज की। हम साथ मिलकर काम करेंगे ताकि बिजनेस के बेहतर प्रदर्शन को सामने लाया जा सके। पूरे भारत और विश्व में हमारा ग्रुप लोगों का दिल और दिमाग रहा है। मैं अपने दिमाग में हमेशा यह बात रखूंगा कि हम हर उस चीज को करेंगे जिसे करने की हमें जरूरत है ताकि उन लोगों को खुश कर सकें जो कि ग्रुप पर गर्व करते हैं। मैं अपनी नई भूमिका के लिहाज से आने वाले वर्षों में ग्रुप की सभी संभावनाओं को देखूंगा और मैं सभी का समर्थन चाहता हूं ताकि सामूहिक रूप से इसे साकार किया जा सके, आप सभी का बहुत बहुत धन्यवाद।”