ये है पाकिस्तान का सबसे महंगा घर, लग्जरी में महलों को दे रहा टक्कर; एंटीलिया की कीमत में ऐसे 348 हो जाएंगे तैयार
पाकिस्तान में आर्थिक चुनौतियों के बावजूद, इस्लामाबाद का गुलबर्ग इलाका लग्जरी जीवनशैली के लिए जाना जाता है। यहां स्थित 'रॉयल ...और पढ़ें

कितनी है पाकिस्तान के सबसे महंगे घर की वैल्यू?
HighLights
गुलबर्ग में है पाकिस्तान का सबसे महंगा घर
'रॉयल पैलेस फार्महाउस' है इसका नाम
कीमत 125 करोड़ पाकिस्तानी रुपये
नई दिल्ली। पाकिस्तान लंबे समय से गंभीर आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है। देश के कई हिस्सों में लोगों के लिए रोजमर्रा की जरूरतें, जैसे आटा, दाल और चावल और जरूरी सामान खरीदना भी मुश्किल होता गया है। हालांकि, पूरे पाकिस्तान की स्थिति एक जैसी नहीं है। कुछ इलाके ऐसे भी हैं जहाँ आज भी लग्जरी लाइफस्टाइल और काफी संपन्नता दिखाई देती है।
इन्हीं चुनिंदा क्षेत्रों में इस्लामाबाद में स्थित गुलबर्ग का नाम भी शामिल है। यह इलाका अपनी भव्य महंगी कोठियों, शानदार फार्महाउसों और उच्च स्तरीय लग्जरी के लिए प्रसिद्ध है। पाकिस्तान की सबसे महंगी रियल एस्टेट संपत्तियों में से कई यहीं स्थित हैं। यही कारण है कि गुलबर्ग को देश के सबसे लग्जरी रिहायशी इलाकों में गिना जाता है। यहीं पर पाकिस्तान का सबसे महंगा घर (Most Expensive House in Pakistan) भी है, जिसे Royal Palace Farmhouse कहा जाता है। आइए जानते हैं इस घर के बारे में।
कितना महंगा है ये घर?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गुलबर्ग लंबे समय से अमीर और प्रभावशाली लोगों की फेवरेट लोकेशन रहा है। हाल के वर्षों में यहाँ एक ऐसा आलीशान महलनुमा घर चर्चा में आया, जिसने पाकिस्तान के सबसे महंगे घर का दर्जा हासिल कर लिया।
इस घर की कीमत लगभग 125 करोड़ पाकिस्तानी रुपये बताई गई, जिसने देश के लग्जरी प्रॉपर्टी बाजार में नया रिकॉर्ड कायम किया। खास बात ये है कि भारतीय करेंसी में ये रकम करीब 43 करोड़ रुपये बनती है।
कितना बड़ा है साइज?
यह भव्य घर करीब 10 कनाल (1.25 एकड़) में फैला हुआ है। बताया जाता है कि इसमें आधुनिक सुविधाओं का लगभग हर इंतजाम मौजूद है। घर में शानदार स्विमिंग पूल, खूबसूरत वॉटरफॉल, प्राइवेट थिएटर, अत्याधुनिक जिम, विशाल लाउंज, बड़ा गैराज और आकर्षक बाहरी डिजाइन शामिल हैं।
इसके अलावा इसमें 10 बेडरूम और 9 बाथरूम बनाए गए हैं, जिन्हें बेहद खूबसूरती और बारीकी से सजाया गया है। आलीशान होने के बावजूद इसका इंटीरियर ऐसा तैयार किया गया है कि घर में रहने वालों को आरामदायक और घरेलू माहौल का अनुभव हो।
एंटीलिया के सामने हैसियत कितनी?
मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया की गिनती दुनिया के सबसे महंगे घरों में होती है। एंटीलिया की वैल्यू करीब 15000 करोड़ रुपये आंकी जाती है। इसके मुकाबले पाकिस्तान के सबसे महंगे घर की कीमत 43 करोड़ रुपये है। यानी एंटीलिया की कीमत में ऐसे 348 घर बन सकते हैं।
एंटीलिया की खासियत
साल 2010 में बनकर तैयार हुआ एंटीलिया 27 मंजिला है। करीब 173 मीटर (568 फीट) ऊँची इस इमारत का कुल निर्मित क्षेत्रफल 6,070 वर्ग मीटर (65,340 वर्ग फीट) से अधिक है। अनोखे डिजाइन के कारण एंटीलिया दुनिया की सबसे चर्चित लग्जरी रिहायशी इमारतों में से एक माना जाता है।
गुलबर्ग लग्जरी फार्महाउसों के लिए मशहूर
गुलबर्ग अपने लग्जरी फार्महाउसों के लिए भी काफी मशहूर है। यहाँ लगभग 5 कनाल (0.75 एकड़) के फार्महाउसों की कीमत सामान्य तौर पर 11 से 12 करोड़ पाकिस्तानी रुपये तक है। ऐसे में 125 करोड़ रुपये की कीमत वाला यह रॉयल पैलेस हाउस पाकिस्तान की सबसे विशेष और महंगी संपत्तियों में गिना जाता है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि यह घर अभी तक बिक चुका है या अब भी बिक्री के लिए उपलब्ध है।
