यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 02, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
किसानों के आने वाले हैं अच्छे दिन, कृषि क्षेत्र पर 14 हजार करोड़ खर्च करेगी मोदी सरकार
पीएम नरेंद्र मोदी की अगुआई में हुई केंद्रीय कैबिनेट की मीटिंग में कृषि क्षेत्र से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण फैसले लिए ...और पढ़ें

HighLights
- सरकार 2,817 करोड़ रुपये डिजिटल कृषि मिशन को देगी।
- फसल विज्ञान पर 3,979 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
- बागवानी के लिए 860 करोड़ की योजना को मंजूरी दी गई।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार कृषि क्षेत्र पर काफी फोकस कर रही है। इस सेक्टर की जीडीपी और रोजगार पैदा करने में भी काफी महत्वपूर्ण भूमिका है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने सोमवार को कृषि क्षेत्र से जुड़ी सात बड़ी योजनाओं को मंजूरी दी। इन पर सरकार करीब 14,000 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इनमें से 2,817 करोड़ रुपये का डिजिटल कृषि मिशन के लिए दिए जाएंगे। वहीं, फसल विज्ञान पर 3,979 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
पीएम नरेंद्र मोदी की अगुआई में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इन फैसलों को कैबिनेट ने हरी झंडी दे दी है। उन्होंने कहा कि कृषि शिक्षा और प्रबंधन को बेहतर करने के लिए 2,291 करोड़ रुपये के प्रोग्राम को मंजूरी दी गई। उन्होंने कहा कि पशुधन के स्थायी स्वास्थ्य के लिए 1,702 करोड़ रुपये के प्लान को मंजूरी दी गई है।
सरकार का फोकस बागवानी पर भी है। उसने बागवानी के सतत विकास के लिए 860 करोड़ रुपये की एक बड़ी योजना मंजूरी दी है। साथ ही, कृषि विज्ञान केंद्रों को मजबूत करने पर 1,202 करोड़ रुपये खर्च होंगे। वहीं, प्राकृतिक संसाधनों के प्रबंधन से संबंधित योजना पर 1,115 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सभी सातों योजनाओं के लिए कुल 13,960 करोड़ रुपये से अधिक का आवंटन किया गया है।

