मोदी कैबिनेट के बड़े फैसले: सिलचर में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, इंफ्रा इक्विपमेंट के लिए ₹11000 करोड़ मंजूर
प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने ₹11,000 करोड़ की कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग योजना को मंजूरी दी। इसके साथ ही असम के सिलचर में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट, कामराजार पोर्ट पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल और डाक विभाग की दो योजनाओं को भी हरी झंडी मिली।

₹11,000 करोड़ की इंफ्रा इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग योजना मंजूर।
HighLights
₹11,000 करोड़ की इंफ्रा इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरिंग योजना मंजूर।
असम के सिलचर में नया ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनेगा।
कामराजार पोर्ट पर दूसरा कंटेनर टर्मिनल विकसित होगा।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को "स्कीम फॉर एन्हांसमेंट ऑफ कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इक्विपमेंट (सीआईई) मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम" को मंजूरी दे दी। 11,000 करोड़ रुपए के वित्तीय प्रावधान वाली इस योजना का उद्देश्य भारत में निर्माण और अवसंरचना उपकरणों के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देना तथा आत्मनिर्भर भारत अभियान को मजबूती प्रदान करना है।
इसके साथ मोदी कैबिनेट ने असम के सिलचर में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने की मंजूरी भी दी। आइए जानते हैं कि आज केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में कौन-कौन से बड़े फैसले लिए गए।
8 वर्ष के लिए चलेगी मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम योजना
केंद्रीय मंत्रिमंडल के एक बयान के अनुसार, स्कीम फॉर एन्हांसमेंट ऑफ कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इक्विपमेंट (सीआईई) मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम योजना को भारी उद्योग मंत्रालय (एमएचआई) द्वारा लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य निर्माण एवं अवसंरचना उपकरणों (कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इक्यूपमेंट-सीआईई) और उनके कंपोनेंट्स के घरेलू उत्पादन को प्रोत्साहित करना तथा देश में एक समर्पित परीक्षण सुविधा स्थापित करना है। इससे भारत की आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और वैश्विक सीआईई बाजार में उसकी स्थिति मजबूत होगी।
यह योजना वित्त वर्ष 2026-27 से आठ वर्षों के लिए लागू होगी, जिसमें पहले दो वर्ष (2026-27 से 2027-28) विनिर्माण इकाइयों की स्थापना के लिए होंगे। इसके बाद पांच वर्षों (2028-29 से 2032-33) तक प्रोत्साहन राशि वितरित की जाएगी। अंतिम वर्ष 2033-34 में 2032-33 की अतिरिक्त बिक्री के आधार पर प्रोत्साहनों का निपटान किया जाएगा।
सिलचर में बनेगा एयरपोर्ट
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को असम के सिलचर में 2,014 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से नया हवाई अड्डा बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद संवाददाताओं को बताया कि सिलचर के डोलू में प्रस्तावित नए हवाई अड्डे पर व्यस्ततम समय में 800 यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी। इसकी सालाना यात्री क्षमता 10.1 लाख होगी। इस परियोजना पर 2,014 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है और इसके लिए वित्त का इंतजाम भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) अपने आंतरिक संसाधनों से करेगा।
कामराजार पोर्ट के दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास की मंजूरी
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति ने कामराजार पोर्ट लिमिटेड (KPL) में दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास के लिए प्रस्तावित परियोजना को मंजूरी दे दी है। यह परियोजना पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत 'डिजाइन, निर्माण, वित्तपोषण, संचालन और हस्तांतरण' (DBFOT) आधार पर विकसित की जाएगी। GST सहित इस परियोजना की अनुमानित लागत 4,288.26 करोड़ रुपये है।
डाक विभाग पर भी पैसों की बौछार
मोदी कैबिनेट ने डॉक विभाग की दो योजनाओं को जारी रखने की मंजूरी दी। इसमें वित्त वर्ष 2030-31 तक डाक परिचालन (Postal Operations) को जारी रखने की मंजूरी दी है। इसके लिए 1,141 करोड़ रुपये का परिव्यय प्रस्तावित किया गया है। इस योजना का उद्देश्य डाक अवसंरचना को मजबूत करना, परिचालन दक्षता में सुधार लाना और पूरे देश में लॉजिस्टिक्स, ई-कॉमर्स तथा डिजिटल सेवा वितरण की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने में सहयोग देना है।
इसके साथ डाक विभाग के एस्टेट मैनेजमेंट स्कीम के लिए 1,491 करोड़ रुपये मंजूर किए गए। इसके तहत नए डाकघर बनाने, पुराने डाकघरों का नवीनीकरण करने और सभी डाकघरों को एक जैसी ब्रांडिंग देने का काम किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।