मेहुल चोकसी ने सरेंडर किया भारतीय पासपोर्ट, इंडियन सिटिजन न रहने से प्रत्यर्पण में आएगी दिक्कत
पीएनबी घोटाले के मुख्य आरोपी मेहुल चोकसी ने एंटीगुआ की नागरिकता हासिल कर ली है जिससे उनके प्रत्यर्पण में अब मुश्किलें आ सकती हैं
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले के मुख्य आरोपी मेहुल चौकसी ने भारतीय नागरिकता छोड़ दी है और उन्होंने अपना भारतीय पासपोर्ट एंटीगुआ उच्चायोग को सौंप दिया है। अब मेहुल चोकसी को भारत लाना मुश्किल हो जाएगा। गौरतलब है कि मेहुल चोकसी को बैंक फ्रॉड मामले की जांच के लिए भारत लाए जाने के लिए सरकार प्रयास कर रही है।
जानकारी के लिए आपको बता दें कि चोकसी एंटीगुआ में बीते दो वर्षों से रह रहे हैं। 25 दिसंबर 2018 को चोकसी ने कोर्ट को जानकारी दी थी कि वो लोन फ्रॉड मामले में जांच के लिए भारत नहीं लौट सकते हैं क्योंकि उनकी सेहत ठीक नहीं है और इस हालात में वो 41 घंटे लंबी यात्रा (एंटीगुआ से भारत) नहीं कर सकते हैं।
चोकसी ने हालांकि कोर्ट को लिखित उत्तर देते हुए कहा कि वो वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जांच में शामिल होने को इच्छुक थे। चोकसी ने वहीं पर प्रवर्तन निदेशालय पर भी आरोप लगाया कि उन्होंने उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी कोर्ट को नहीं दी सिर्फ इसलिए ताकि इस मामले की जांच को गुमराह किया जा सके।
गौरतलब है कि चोकसी 13,000 करोड़ रुपये के पंजाब नेशनल बैंक घोटाले के मुख्य आरोपी हैं जिसे उन्होंने अपने भतीजे नीरव मोदी के साथ मिलकर अंजाम दिया था। मेहुल चोकसी जनवरी 2018 के पहले हफ्ते में ही भारत से भागकर एंटीगुआ चले गए थे।