Indigo यात्रियों को लगेगा झटका! बच्चों के सफर से लेकर एक्स्ट्रा बैगेज तक सब हुआ महंगा, अब आपकी कटेगी जेब
Indigo Fee Hike: इंडिगो ने अपनी कई सेवाओं के शुल्क में बढ़ोतरी की है, जिससे यात्रियों का हवाई सफर महंगा ...और पढ़ें

Indigo यात्रियों को लगेगा झटका!
HighLights
शिशु यात्रा शुल्क 2000 से 3000 रुपये हुआ।
अतिरिक्त सामान शुल्क प्रति किलो 700 से 800 रुपये।
प्रायोरिटी चेक-इन सेवा भी अब महंगी हुई।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: भारत के सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो (Indigo) ने अपने यात्रियों को एक बड़ा झटका दिया है। अगर आप आने वाले दिनों में परिवार के साथ हवाई सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो आपका बजट थोड़ा बिगड़ सकता है। एयरलाइन ने अपनी कई जरूरी सेवाओं के शुल्कों (fees) में इजाफा कर दिया है।
अब इंडिगो की फ्लाइट में 2 साल से कम उम्र के बच्चों (infant) के साथ सफर करना, तय सीमा से ज्यादा सामान (excess baggage) ले जाना और एयरपोर्ट की लाइनों से बचने के लिए 'प्रायोरिटी चेक-इन' (Priority Check-in) का इस्तेमाल करना पहले से ज्यादा महंगा हो गया है।
इन्फेंट ट्रैवल हुआ महंगा
आमतौर पर 2 साल से कम उम्र के बच्चों (जो अलग से सीट नहीं लेते और माता-पिता की गोद में सफर करते हैं) के लिए एयरलाइंस एक तय शुल्क वसूलती हैं। ताजा अपडेट के अनुसार, इंडिगो ने डोमेस्टिक (घरेलू) और इंटरनेशनल दोनों उड़ानों के लिए इस 'इन्फेंट चार्ज' 2,000 रुपए से बढ़ाकर 3,000 रुपए कर दिया है। यानी अब यात्रियों को इसके लिए 1,000 रुपए ज्यादा देने होंगे।
इसके साथ ही indigo ने घरेलू उड़ानों में बिना किसी बड़े व्यक्ति के यात्रा करने वाले बच्चों के लिए मिलने वाली सहायता सेवा का शुल्क भी बढ़ा दिया है। यह शुल्क अब 5,000 रुपए से बढ़कर 5,999 रुपए हो गया है। यह सेवा उन बच्चों के लिए है, जो किसी साथ जाने वाले वयस्क के बिना यात्रा करते हैं।
एक्सट्रा बैगेज पर लगेगा चार्ज
अगर आप वेबसाइट या ऐप के जरिए एडवांस में अतिरिक्त 5 किलो, 10 किलो या 15 किलो सामान बुक करते हैं, तो अब यात्रियों को प्रति किलोग्राम 800 रुपए देने होंगे। पहले यह शुल्क 700 रुपए प्रति किलोग्राम था। यानी हर अतिरिक्त किलोग्राम सामान पर 100 रुपए ज्यादा देने होंगे।
प्रायोरिटी चेक-इन के लिए चुकानी होगी कीमत
एयरपोर्ट की लंबी लाइनों से बचने और जल्दी बोर्डिंग के लिए यात्री अक्सर 'फास्ट फॉरवर्ड' (Fast Forward) या प्रायोरिटी चेक-इन सर्विस का इस्तेमाल करते हैं। इंडिगो ने इस प्रीमियम सुविधा की फीस में भी इजाफा किया है। यानी अब समय बचाने के लिए यात्रियों को अपनी जेब ज्यादा ढीली करनी पड़ेगी।
