कर्ज लेकर भारतीयों ने दबाकर की शॉपिंग, एक महीने में क्रेडिट कार्ड से उड़ाए ₹2.45 लाख करोड़!
अक्टूबर में भारतीयों ने क्रेडिट कार्ड से ₹2.45 लाख करोड़ खर्च किए, जो डेबिट कार्ड के मुकाबले 6 गुना अधिक है। आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार, इसी अवधि में एटीएम से ₹2.33 लाख करोड़ कैश भी निकाला गया, जो क्रेडिट कार्ड खर्च के लगभग बराबर है।

कर्ज लेकर भारतीयों ने दबाकर की शॉपिंग, क्रेडिट कार्ड से उड़ाए ₹2.45 लाख करोड़!
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। देश में डिजिटल पेमेंट का चलन तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद लोग रोजमर्रा की जरूरतों के लिए कैश का इस्तेमाल भी जमकर कर रहे हैं। भारतीय रिजर्व बैंक के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर महीने में लोगों ने डेबिट कार्ड के मुकाबले क्रेडिट कार्ड से करीब 6 गुना ज्यादा शॉपिंग की। दिलचस्प बात ये है कि इस दौरान एटीएम से निकाला गया कैश लगभग क्रेडिट कार्ड के हुए कुल खर्च के बराबर रहा।
क्रेडिट बनाम डेबिट कार्ड
RBI के मंथली डेटा पर नजर डालें तो अक्टूबर में क्रेडिट कार्ड के जरिए करीब 2.45 लाख करोड़ रुपये खर्च किए गए। इसके उलट, डेबिट कार्ड से सिर्फ 40,492 करोड़ रुपये की ही खरीदारी हुई। वहीं, एटीएम और दुकानों की स्वैप मशीनों (POS) से कुल 2.33 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का कैश निकाला गया, जो क्रेडिट कार्ड के कुल खर्च से बस थोड़ा ही कम है।
किसका कहां हुआ इस्तेमाल?
आरबीआई के आंकड़ों पर नजर डालें तो लोगों के खर्च करने के तरीके में अंतर साफ नजर आता है। क्रेडिट कार्ड का सबसे ज्यादा इस्तेमाल ऑनलाइन शॉपिंग और पेमेंट के लिए हुआ। इसके जरिए कुल 2.45 लाख करोड़ में से 1.54 लाख करोड़ रुपये ऑनलाइन खर्च किए गए, जबकि दुकानों की स्वाइप मशीनों पर 90,562 करोड़ रुपये का पेमेंट हुआ।
वहीं लोगों ने डेबिट कार्ड का इस्तेमाल ऑनलाइन के बजाय दुकानों पर स्वाइप करने के लिए ज्यादा किया। इससे दुकानों पर 24,957 करोड़ रुपये और ऑनलाइन 15,284 करोड़ रुपये खर्च किए गए।
कैसे निकाला गया कैश?
जब बात एटीएम से कैश निकालने की आती है, तो लोग आज भी डेबिट कार्ड पर ही भरोसा करते हैं। अक्टूबर में डेबिट कार्ड के जरिए एटीएम से 42 करोड़ से ज्यादा बार ट्रांजैक्शन हुए और कुल 2.32 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का कैश निकाला गया। वहीं, क्रेडिट कार्ड से एटीएम के जरिए सिर्फ 415 करोड़ रुपये ही निकाले गए। इसके अलावा दुकानों की पीओएस मशीनों से डेबिट कार्ड के जरिए करीब 1.27 करोड़ रुपये का कैश निकाला गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।