India US Trade Deal पर पीयूष गोयल ने कर दिया साफ, भारत पर लगेगा कम टैरिफ! क्या है डील फाइनल की डेडलाइन?
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि भारत को अमेरिका में प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले कम आयात शुल्क पर तरजीही ...और पढ़ें

पीयूष गोयल ने India-US Deal पर दी बड़ी अपडेट
HighLights
भारत को अमेरिका में तरजीही बाजार पहुंच मिलेगी।
भारतीय उत्पादों पर प्रतिस्पर्धी देशों से कम शुल्क लगेगा।
समझौते का पहला चरण वित्त वर्ष अंत तक पूरा होगा।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| इन दिनों भारत दुनिया के कई जरूरी बाजारों में अपनी पहुंच बनाने के लिए व्यापार समझौते पर जोर दे रहा है। कई देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट होने के साथ ही और भी नए देशों पर नजर है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बीते दिनों बताया कि भारत को अमेरिका में अपने सामान के निर्यात के लिए तरजीही बाजार (Preferential Market) पहुंच मिलेगी। इसके तहत भारत के उत्पादों पर प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले कम आयात शुल्क लगाया जाएगा।
अमेरिका के साथ जल्द होगी बातचीत फाइनल
गोयल ने कहा कि इस संबंध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच दोनों देशों के द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) के फ्रेमवर्क की घोषणा के दौरान सहमति बनी थी। फिलहाल समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देने के लिए बातचीत चल रही है।
मिस्र की राजधानी काहिरा में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पीयूष गोयल ने कहा कि यह बात पहले ही तय हो चुकी थी। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ महीने पहले व्यापक रूपरेखा पर सहमति जताते हुए इसकी घोषणा की थी। यह भी स्वीकार किया गया था कि भारत को अमेरिका में प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले कम शुल्क के साथ तरजीही व्यापारिक पहुंच मिलेगी।
चालू वित्त वर्ष के अंत तक हो सकता है समझौता
पीयूष गोयल इन दिनों दो दिवसीय मिस्र दौरे पर हैं। इस दौरान वह दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा कर रहे हैं। भारत और अमेरिका ने फरवरी में द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया था। इस समझौते पर पहले ही हस्ताक्षर होने की उम्मीद थी, लेकिन अमेरिका की टैरिफ व्यवस्था में बदलाव के कारण बातचीत आगे बढ़ गई।
हाल ही में एक अधिकारी ने भी कहा था कि वाशिंगटन ने नई दिल्ली को प्रस्तावित समझौते के तहत भारतीय उत्पादों को प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले टैरिफ में लाभ देने का भरोसा दिया है। दोनों देश चालू वित्त वर्ष के अंत तक समझौते के पहले चरण को पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं।
अधिकारी ने पिछले सप्ताह मीडिया से कहा था कि "हमें देखना होगा कि टैरिफ का फ्रेमवर्क किस तरह सामने आता है। हम चालू वित्त वर्ष के अंत तक पहले चरण को पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं। पहले चरण और व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते, दोनों पर बातचीत जारी है।"
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।