Move to Jagran APP

भारत बना दूसरा सबसे बड़ा स्टील उत्पादक

भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्टील उत्पादक देश बन गया है।

By NiteshEdited By: Tue, 29 Jan 2019 10:12 AM (IST)
भारत बना दूसरा सबसे बड़ा स्टील उत्पादक
भारत बना दूसरा सबसे बड़ा स्टील उत्पादक

नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा स्टील उत्पादक देश बन गया है। वल्र्ड स्टील एसोसिएशन (वल्र्डस्टील) के मुताबिक, जापान को बेदखल कर भारत इस मुकाम पर पहुंचा है। देश का क्रूड स्टील उत्पादन 2018 में 4.9 फीसद बढ़कर 10.65 करोड़ टन रहा। इस दौरान जापान का उत्पादन 10.43 करोड़ टन रहा।

देश के इस्पात मंत्री चौधरी बीरेंद्र सिंह ने सोमवार को देश के स्टील उद्योग से जुड़े एक कार्यक्रम के बाद भारत की इस उपलब्धि पर अपनी टिप्पणी में कहा कि जल्द ही हम दूसरा सबसे बड़ा स्टील उपभोक्ता देश भी बन जाएंगे। पिछले चार साल में हमारे स्टील उद्योग का विकास सालाना पांच फीसद की दर से हुआ है।

हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि देश की प्रति व्यक्ति खपत 2018 में सिर्फ 69 किलोग्राम रही, जबकि प्रति व्यक्ति खपत का वैश्विक औसत 214 किलोग्राम है। वल्र्ड स्टील की रिपोर्ट के मुताबिक, क्रूड स्टील उत्पादन में चीन दुनिया में सबसे आगे है और संपूर्ण उत्पादन में उसका 51 फीसद से अधिक योगदान है। 2018 में चीन का उत्पादन 6.6 फीसद बढ़कर 92.83 करोड़ टन रहा। यह दुनिया के कुल उत्पादन का 51.3 फीसद है।