सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारतीय बाजारों में दिखेंगे प्रीमियम किस्मों के विदेशी सेब! 19% तक बढ़ेगा इंपोर्ट; ईरान, अफगान और तुर्किये जैसे देश हैं सप्लायर

Published: Thu, 12 Nov 2026 09:10 PM (IST)

भारत में सेब का आयात वित्त वर्ष 2026-27 तक 19% बढ़कर 5.11 लाख टन होने का अनुमान है, जो बढ़ती ...और पढ़ें

भारत में सेब का आयात बढ़ने का अनुमान

भारत में सेब का आयात बढ़ने का अनुमान

HighLights

  1. सेब आयात 2026-27 तक 19% बढ़कर 5.11 लाख टन होगा।

  2. बढ़ती मांग, प्रीमियम किस्मों और प्रोसेस्ड उत्पादों से आयात में वृद्धि।

  3. ईरान, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड भारत के प्रमुख सेब सप्लायर देश हैं।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| भारत में सेब की बढ़ती मांग के चलते वित्त वर्ष 2026-27 में इसका आयात 19 प्रतिशत बढ़कर 5.11 लाख टन पहुंचने का अनुमान है। पिछले मार्केटिंग ईयर 2025-26 में सेब का आयात 4.28 लाख टन रहने का संशोधित अनुमान (Revised Estimates) है। अमेरिकी कृषि विभाग (USDA) की विदेशी कृषि सेवा (FAS) के नई दिल्ली स्थित कार्यालय की रिपोर्ट के मुताबिक, घरेलू उत्पादन में मामूली सुधार के बावजूद भारत में सेब की मांग बढ़ने से आयात में तेजी आएगी। प्रीमियम किस्मों के सेब की बढ़ती मांग और जूस, जैम, सॉस तथा सूखे सेब जैसे प्रोसेस्ड प्रोडक्ट की खपत भी इसमें योगदान दे रही है।

रिपोर्ट के अनुसार, भारत में सेब की कुल खपत 2026-27 में 5 प्रतिशत बढ़कर 29.1 लाख टन होने का अनुमान है। 2025-26 में यह 27.6 लाख टन रहने का संशोधित अनुमान है। बढ़ती आय, प्रीमियम फलों की ओर ग्राहकों का रुझान और बाजार में सेब की विभिन्न किस्मों की उपलब्धता से खपत को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा, स्वास्थ्य के प्रति बढ़ती जागरूकता के कारण भी फलों की मांग बढ़ रही है।

इस साल आयात अनुमान क्यों घटा था

USDA ने 2025-26 के लिए भारत के सेब आयात का अनुमान घटाकर 4.28 लाख टन कर दिया था। इसकी वजह अनुमान से कम आयात खेपों का पहुंचना रहा। रिपोर्ट के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सप्लाई में उतार-चढ़ाव, रुपये की विनिमय दर में अस्थिरता, माल ढुलाई की ऊंची लागत और भारत के नए व्यापार समझौतों के बाद बदलते कारोबारी माहौल के कारण आयातकों ने खरीदारी में सावधानी बरती। उन्होंने घरेलू बाजार में नई फसल की उपलब्धता को देखते हुए अपने स्टॉक और आयात की मात्रा को नियंत्रित रखा।

घरेलू उत्पादन में 3% बढ़ोतरी का अनुमान

भारत में सेब का उत्पादन 2026-27 में 3 प्रतिशत बढ़कर 25.9 लाख टन होने का अनुमान है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार 2025-26 में यह 25 लाख टन रहने का संशोधित अनुमान है। हालांकि, पिछले सीजन के उत्पादन अनुमान में 4% की कटौती की गई थी। इसकी प्रमुख वजह हिमाचल प्रदेश में खराब मौसम के कारण पैदावार प्रभावित होना है। हिमाचल प्रदेश देश का दूसरा सबसे बड़ा सेब उत्पादक राज्य है।

रिपोर्ट के मुताबिक, बेमौसम बारिश, सर्दियों में बर्फबारी में देरी और कटाई के दौरान मानसूनी बारिश से हिमाचल प्रदेश में फलों के बनने और उत्पादन पर असर पड़ा। इसके विपरीत, देश के सबसे बड़े सेब उत्पादक क्षेत्र जम्मू-कश्मीर में मौसम अपेक्षाकृत अनुकूल रहा। इससे वहां बेहतर गुणवत्ता की फसल मिलने की जानकारी दी गई है।

किसानों के सामने कई चुनौतियां

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय सेब उत्पादकों को मौसम के अलावा कई बुनियादी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सेब की कटाई का समय मानसून के साथ पड़ने से बारिश के कारण फसल को नुकसान होता है। इसके अलावा कीमतों में उतार-चढ़ाव, खेती की बढ़ती लागत, कमजोर बुनियादी ढांचा, आयातित सेब से कॉम्पटीशन और परिवहन संबंधी समस्याएं किसानों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं।

सेब उत्पादन वाले ज्यादातर इलाके पहाड़ी और दूरदराज क्षेत्रों में हैं। इससे छोटे किसानों को बाजार तक पहुंचने और प्रोडक्शन को ट्रांसपोर्ट करने में अधिक खर्च उठाना पड़ता है। सेब जल्दी खराब होने वाला फल है, इसलिए पर्याप्त कोल्ड स्टोरेज, अच्छी सड़क और बेहतर लॉजिस्टिक्स की कमी से कटाई के बाद नुकसान बढ़ जाता है।

ईरान भारत का सबसे बड़ा सप्लायर

रिपोर्ट में दिए गए आयात आंकड़ों के मुताबिक, ईरान भारत को सबसे ज्यादा सेब सप्लाई करने वाला देश रहा। ईरान से 69,988 टन सेब का आयात हुआ। इसके बाद दक्षिण अफ्रीका से 54,319 टन, न्यूजीलैंड से 53,622 टन, चिली से 46,991 टन और अमेरिका से 30,142 टन सेब आया। वहीं अफगानिस्तान से 28,013 टन और तुर्किये से 14,370 टन सेब का आयात हुआ।

आयात के बाजार में अलग-अलग देशों की अलग भूमिका है। ईरान और तुर्किये से प्रतिस्पर्धी कीमतों पर बड़ी मात्रा में सेब मिलता है, जबकि अमेरिका और न्यूजीलैंड प्रीमियम श्रेणी के सेब के लिए प्रमुख सप्लायर हैं। इन देशों के सेब की गुणवत्ता, किस्मों और बाजार में उनकी स्थिति के कारण प्रीमियम खरीदारों के बीच मांग बनी हुई है।

आयात बढ़ने से बढ़ेगी बाजार में प्रतिस्पर्धा

अगले मार्केटिंग ईयर में सेब की बढ़ती खपत और घरेलू उत्पादन में सीमित सुधार के बीच आयात की भूमिका महत्वपूर्ण रहने वाली है। इससे भारतीय बाजार में उपभोक्ताओं को अलग-अलग देशों और किस्मों के सेब के अधिक विकल्प मिल सकते हैं। हालांकि, आयात बढ़ने का मतलब कीमतों में कमी होना जरूरी नहीं है। अंतरराष्ट्रीय माल ढुलाई की लागत, रुपये की विनिमय दर और मौसम की परिस्थितियां घरेलू बाजार में सेब की कीमतों को प्रभावित करती रहेंगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।