UAE शेख की यात्रा का HPCL ने उठाया बड़ा फायदा, दो घंटे में कर ली 27300 करोड़ रुपये की ये डील
यूएई के राष्ट्रपति की संक्षिप्त भारत यात्रा के दौरान एचपीसीएल ने एडनॉक गैस के साथ 3 अरब डॉलर का एलएनजी ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
नई दिल्ली। कूटनीति और व्यापार में समय की कीमत क्या होती है, यह सोमवार को देखने को मिला। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान भारत की संक्षिप्त यात्रा पर आए। वे यहां महज दो घंटे रुके, लेकिन इन 120 मिनटों में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने अपने भविष्य के लिए एक 'मेगा डील' लॉक कर दी।
क्या है यह महा-समझौता?
हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने अबू धाबी नेशनल ऑयल कंपनी गैस (एडनॉक गैस) से तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) खरीदने के लिए तीन अरब डॉलर के सौदे पर हस्ताक्षर किए हैं। कंपनी ने बताया कि इसके साथ ही वह संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की सबसे बड़ी ग्राहक बन गई है।
डील की बड़ी बातें
दोनों कंपनियों ने सोमवार को यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान की भारत की संक्षिप्त दो घंटे की यात्रा के दौरान बिक्री और खरीद समझौते (एसपीए) पर हस्ताक्षर किए। यूएई के राष्ट्रपति प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बातचीत के लिए यहां आए थे। अबू धाबी की सरकारी कंपनी 2028 से शुरू होने वाले 10 वर्षों तक एचपीसीएल को प्रति वर्ष पांच लाख टन एलएनजी की आपूर्ति करेगी।
एडनॉक गैस ने एक बयान में कहा, ''यह समझौता दोनों कंपनियों के बीच पहले हस्ताक्षरित 'हेड्स ऑफ एग्रीमेंट' को दीर्घकालिक एसपीए में बदलता है। इसका 10 साल में अनुमानित मूल्य 2.5 से 3 अरब डॉलर है, जिसके तहत सालाना पांच लाख टन एलएनजी का निर्यात किया जाएगा।''
एचपीसीएल ने कहा कि वह गुजरात के छारा में स्थित अपने 50 लाख टन सालाना क्षमता वाले एलएनजी आयात टर्मिनल पर यह एलएनजी प्राप्त करेगी। एचपीसीएल ने एक अलग बयान में कहा, ''इस समझौते के तहत होने वाली आपूर्ति एचपीसीएल को अपनी रिफाइनरियों, शहरी गैस वितरण (सीजीडी) नेटवर्क और उर्वरक, बिजली एवं पेट्रोकेमिकल जैसे प्रमुख क्षेत्रों की गैस मांग को पूरा करने में सहायता करेगी।''
