यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 30, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हीरो की बाइको में होगी कार जैसी टेक्नोलॉजी, जाने क्या होगा खास
शोध एवं विकास पर खासा जोर दे रही भारतीय दोपहिया कंपनी हीरो मोटोकॉर्प अब अपनी बाइकों को कारों में इस्तेमाल ...और पढ़ें

मकाऊ। शोध एवं विकास पर खासा जोर दे रही भारतीय दोपहिया कंपनी हीरो मोटोकॉर्प अब अपनी बाइकों को कारों में इस्तेमाल होने वाली टेक्नोलॉजी से लैस करने जा रही है। कंपनी अपने वाहनों में जल्दी ही इंजन स्टॉप-स्टार्ट सिस्टम और इलेक्ट्रॉनिक इमोबिलाइजर का इस्तेमाल करेगी। ये सिस्टम अब तक केवल कारों में इस्तेमाल किए जाते हैं। प्रीमियम श्रेणी की कारों और एसयूवी में इंजन स्टॉप-स्टार्ट सिस्टम का इस्तेमाल किया जाता है। इसे माइक्रो हाइब्रिड नाम से भी जाना जाता है। इस तकनीक की मदद से कार रोके जाने पर इंजन अपने आप बंद हो जाता है और जरूरत पड़ने पर स्वत: चालू हो जाता है। इससे ईधन दक्षता बढ़ती है और कार्बन उत्सर्जन घटता है।
इलेक्ट्रॉनिक इमोबिलाइजर ऐसा सुरक्षा उपकरण है, जो इंजन को गलत चाभी से चलने से रोकता है। इसके अलावा हीरो इंटीग्रेटेड ब्रेकिंग सिस्टम (आइबीएस) वाला स्कूटर भी पेश करेगी। इसमें अगले और पिछले दोनों पहियों के लिए एक ब्रेक हैंडल का इस्तेमाल होगा। कंपनी ने आइ3एस टेक्नोलॉजी (स्टॉप-स्टार्ट सिस्टम) के पेटेंट का आवेदन किया है। इसका इस्तेमाल सबसे पहले स्प्लेंडर के नए मॉडल आइ स्प्लेंडर में किया जाएगा।
इसके बाद इस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कंपनी के दूसरे मॉडलों में किया जाएगा। कंपनी की 150सीसी की बाइक एक्सट्रीम को इलेक्ट्रॉनिक इमोबिलाइजर तकनीक और स्कूटर मॉडल प्लेजर को आइबीएस तकनीक से लैस किया जाएगा। हीरो मोटोकॉर्प के एमडी और सीईओ पवन मुंजाल ने कहा कि ये सभी नवाचार कंपनी ने अपने शोध एवं विकास के जरिये विकसित किए हैं। जब हमने अपने बल पर काम शुरू किया तो हमसे कई सवाल पूछे गए कि हम कैसा प्रदर्शन करेंगे। लेकिन आज हम यह दिखाने को तैयार है कि हम कितने सक्षम हैं।
मुंजाल ने कहा कि नई प्रौद्योगिकी विकसित करने की क्षमता के प्रदर्शन के साथ आइ3एस जैसे नवाचारों से ग्राहकों के लिए दोपहिया वाहनों की लागत में खासी कमी आएगी। कंपनी ऐसे कई नवाचारों पर काम कर रही है, इन नई प्रौद्योगिकियों से लैस उत्पाद जल्दी ही बाजार में उतारे जाएंगे।
