यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 01, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
केंद्र सरकार का सभी बैंकों को आदेश, 31 मार्च तक उपलब्ध करवाएं मोबाइल बैंकिंग सुविधा
सरकार ने सभी बैंकों से कहा है कि वो अपने ग्राहकों को 31 मार्च तक मोबाइल बैंकिंग सुविधा उपलब्ध करवाएं।

नई दिल्ली: कैश-लेस मुहिम को बढ़ावा देते हुए अब केंद्र सरकार ने सभी बैंकों से कहा है कि वो अपने ग्राहकों को 31 मार्च तक मोबाइल बैंकिंग सुविधा उपलब्ध करवाएं। इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी सचिव अरुणा सुंदरराजन ने बताया, “हमने बैंकों से कहा है कि वो अपने उन सभी ग्राहकों को मोबाइल बैंकिंग की सुविधा मुहैया कराएं जिनके पास मोबाइल फोन है, हमने बैंकों से कहा है कि वो 31 मार्च तक एक राष्ट्रव्यापी अभियान चलाएं जिसके अंतर्गत यह सुनिश्चित किया जा सके कि हर उपभोक्ता जिसके पास मोबाइल फोन है वो मोबाइल बैंकिंग करने में सक्षम हो।”
उन्होंने कहा कि डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने के तहत यह सरकार के प्रयासों का एक हिस्सा है। उन्होंने कहा, “इससे पहले मोबाइल बैंकिंग इस तरह की प्राथमिकता नहीं रही है, और इसके लिए कभी ग्राहकों की ओर से कहा भी नहीं गया कि उन्हें इसकी जरूरत है। लेकिन वो आज इसे चाहते हैं...इसलिए यह सुनिश्चित करना है कि जो भी लोग मोबाइल बैंकिंग करना चाहते हैं लेकिन वो ऐसा कर पाने में सक्षम नहीं है उन्हें 31 मार्च तक सक्षम बनाया जाए।”
सुंदरराजन ने कहा कि यूपीआई या भीम एप का इस्तेमाल करने वाले स्वत: ही मोबाइल बैंकिंग में सक्षम हो जाने चाहिए। गौरतलब है कि नोटबंदी की घोषणा के बाद से ही केंद्र सरकार लगातार डिजिटल पेमेंट को प्रोत्साहन दे रही है।