Gold Rate on 22 Nov : लुढ़क गए सोने के दाम, चांदी की चमक भी पड़ी फीकी, जानिए कितने घट गए भाव
Gold Rate Today शुक्रवार को सोने की कीमत में गिरावट दर्ज की गई चांदी की कीमत भी टूटी
नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमत में गिरावट आई है। एचडीएफसी सिक्युरिटीज के अनुसार, सोने के भाव में शुक्रवार को 102 रुपये की कमी हुई है। भाव में इस कमी से शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोने की कीमत 38,856 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई है। गौरतलब है कि पिछले सत्र में सोना 38,958 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था।
वहीं, चांदी के भाव में भी शुक्रवार को 815 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है। इस गिरावट से अब चांदी का भाव 44,949 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है। गौरतलब है कि गुरुवार को चांदी 45,764 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी। औद्योगिक इकाइयों और सिक्का कारोबारियों की लिवाली में कमी आने से चांदी के भाव में यह गिरावट दर्ज की गई है। इस बीच, शुक्रवार को रुपया 6 पैसे बढ़कर 71.70 रुपये पर खुला था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी दोनों ही मामूली लाभ के साथ कारोबार कर रहे थे। सोना अमेरिकी डॉलर 1,467 प्रति औंस और चांदी की कीमत 17.15 डॉलर प्रति औंस से थोड़ा अधिक थी। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) तपन पटेल ने कहा, 'गुरुवार शाम के सत्र में बिक्री के बाद शुक्रवार को सोने की कीमतें 1,467 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहीं।'