Gold Rate on 23 July: पीली धातु में लगातार जारी है उछाल, 51,000 के पार पहुंचा 10 ग्राम सोने का भाव
Gold Rate on 23 July दिल्ली में गुरुवार को सोने के भाव में 502 रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है। इस बढ़त से सोने का भाव 51443 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है। PC Pixabay
नई दिल्ली, पीटीआइ/बिजनेस डेस्क। घरेलू सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोने के भाव में भारी तेजी आई है। इस तेजी से सोने की कीमतें 51,000 के स्तर को भी पार कर गई हैं। एचडीएफसी सिक्युरिटीज के अनुसार, दिल्ली में गुरुवार को सोने के भाव में 502 रुपये की बढ़ोत्तरी हुई है। इस बढ़त से सोने का भाव 51,443 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है। गौरतलब है कि इससे पहले पिछले सत्र में बुधवार को सोना 50,941 रुपये प्रति 10 ग्राम के भाव पर बंद हुआ था। सर्राफा बाज़ारों में यह उम्मीद की जा रही है कि रक्षाबंधन का त्योहार पास आने के कारण सोने-चांदी की बिक्री में बढ़ोत्तरी देखी जा सकती है।
सोने से इतर चांदी के घरेलू हाजिर भाव में गुरुवार को मामूली गिरावट दर्ज की गई है। चांदी में गुरुवार को 69 रुपये की गिरावट आई है। इससे चांदी का भाव 62,760 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है। इससे पहले बुधवार को चांदी 62,829 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव पर बंद हुई थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार की बात करें, तो सोना गुरुवार को बढ़त के साथ 1,875 डॉलर प्रति औंस पर और चांदी 22.76 डॉलर प्रति औंस पर लगभग स्थिर ट्रेंड करती देखी गई। एचडीएफसी सिक्युरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) तपन पटेल के अनुसार, यूएस और चीन के बीच तनाव बढ़ने के चलते सोने की कीमतों में तेजी देखी गई है। वहीं, यूएस में कोरोना वायरस के मामलों में बढ़ोत्तरी के चलते भी सेफ हैवन के रूप में सोने की मांग में तेजी आई है।
कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल और आल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के राष्ट्रीय संयोजक पंकज अरोड़ा ने कहा कि इस तेजी को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि इस बार दिवाली पर सोने का भाव 55 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुँचने की आशा है। अरोड़ा ने बताया कि लॉकडाउन से पहले सोने और चांदी दोनों कीमती धातुओं के भाव क्रमश: 41,000 रुपये प्रति 10 ग्राम और 40,000 रुपये किलोग्राम थे। अब लॉकडाउन के 4 महीने बाद सोने में 28 से 30 फीसद और चांदी में 40 से 45 फीसद की बढ़ोतरी हुई है।