6 साल में सबसे महंगा हुआ सोना, जानिए क्या रहे आज के दाम
त्योहारी सीजन के दौरान सोने की मांग बढ़ गई है। दिल्ली के सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोना 6 साल के उच्च स्तर पर पहुंच गया।
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। त्योहारी सीजन के दौरान सोने की मांग बढ़ गई है। दिल्ली के सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोना 6 साल के उच्च स्तर पर पहुंच गया। पिछले 3 दिन में सोने के दाम में 405 रुपए का इजाफा हुआ है। आज सोने का भाव 125 रुपए बढ़ा वहीं चांदी का भाव 130 रुपए गिर गया।
गुरुवार को सोने का भाव 125 रुपए चढ़कर 32,625 रुपए प्रति 10 ग्राम हो गया। बुलियन ट्रेडर्स के मुताबिक, सोने के भाव में तेजी स्थानीय ज्वेलरों की खरीद और ग्लोबल ट्रेंड के कारण आई। शेयर बाजार की गिरावट भी भाव चढ़ने का प्रमुख कारण रहा। हालांकि चांदी में जरूर गिरावट दर्ज की गई और यह 130 रुपए गिरकर 39,600 रुपए पर पहुंच गया।
वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना 1,234.20 डॉलर प्रति औंस रहा। वहीं अगर राष्ट्रीय राजधानी की बात करें तो दिल्ली में 99.9 और 99.5 फीसद शुद्धता वाला सोना 125-125 रुपए की तेजी के साथ क्रमश: 32,625 रुपए और 32,475 रुपए प्रति दस ग्राम हो गया। ऐसा पहली बार हुआ है जब सोना 6 साल के उच्चतम स्तर पर पहुंचा है।
वहीं गिन्नी के भाव में कोई बदलाव देखने को नहीं मिला और यह 24,800 रुपए प्रति आठ ग्राम पर स्थिर रहा। चांदी हाजिर 130 रुपए कम होकर 39,600 रुपए प्रति किलोग्राम रह गई। हालांकि चांदी सिक्का लिवाल 76,000 रुपए तथा बिकवाल 77,000 रुपए प्रति सैकड़ा पर बंद हुआ।