IPO में देरी और विवादों के बीच Flipkart को झटका, 11 साल बाद पद छोड़ेंगे CEO कल्याण कृष्णमूर्ति; क्या है आगे का प्लान?
Kalyan Krishnamurthy Resigns: फ्लिपकार्ट के सीईओ कल्याण कृष्णमूर्ति 11 साल बाद अपने पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं। यह बदलाव कंपनी के आईपीओ में देरी, कर्मचारियों के ESOPs विवाद और आंतरिक चुनौतियों के बीच हो रहा है।
-1795602055611_m.webp)
कल्याण कृष्णमूर्ति ने बंसल बंधुओं के जाने के बाद संभाली थी कमान।
HighLights
कल्याण कृष्णमूर्ति 11 साल बाद फ्लिपकार्ट सीईओ पद छोड़ेंगे।
कंपनी में आईपीओ देरी, ESOPs विवादों के बीच यह बदलाव।
वॉलमार्ट ने भारत में फ्लिपकार्ट के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| भारत की सबसे सफल ई-कॉमर्स कंपनियों में से एक फ्लिपकार्ट (flipkart ceo) में एक बड़े युग का अंत होने जा रहा है। कंपनी के दिग्गज सीईओ कल्याण कृष्णमूर्ति (kalyan krishnamurthy) जल्द ही अपनी कुर्सी छोड़ने वाले हैं। वॉलमार्ट के मालिकाना हक वाली फ्लिपकार्ट ग्रुप का करीब 11 साल तक नेतृत्व करने के बाद कृष्णमूर्ति आने वाले कुछ हफ्तों में पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं। बुधवार, 25 नवंबर उन्होंने इस बात का आधिकारिक एलान कर दिया। दावा है कि अचानक हुए इस बड़े बदलाव को लेकर कंपनी ने इमरजेंसी मीटिंग भी बुलाई।
बंसल बंधुओं के जाने के बाद संभाली थी कमान
केके (KK) के नाम से मशहूर कल्याण कृष्णमूर्ति वॉलमार्ट के स्वामित्व में फ्लिपकार्ट के बदलाव के केंद्र में रहे हैं। सचिन बंसल और बिन्नी बंसल द्वारा शुरू की गई फ्लिपकार्ट को वॉलमार्ट को बेचे जाने और फाउंडर्स के बाहर निकलने के बाद कृष्णमूर्ति ने ही कंपनी की कमान संभाली थी।
इससे पहले वह फ्लिपकार्ट के सबसे बड़े शुरुआती निवेशक टाइगर ग्लोबल मैनेजमेंट में मैनेजिंग डायरेक्टर थे और 2013 में कंपनी के अंतरिम CFO भी रहे थे। जनवरी 2017 में उन्हें फ्लिपकार्ट का सीईओ बनाया गया और 2018 में वह ग्रुप सीईओ बने।
एक दशक में अमेजन (Amazon) और मीशो (Meesho) जैसे प्रतिद्वंद्वियों से कड़ी टक्कर के बीच फ्लिपकार्ट को स्थिरता देने और कामकाज को धार देने का श्रेय उन्हें ही जाता है।
फाउंडर मोड में कर रहे थे नए प्रयोग
अपने सख्त एग्जीक्यूशन और फाउंडर जैसे काम करने के अंदाज के लिए मशहूर कृष्णमूर्ति कंपनी को नए क्षेत्रों में ले जाने की तैयारी कर रहे थे। वह फूड डिलीवरी सेक्टर में उतरने, जेन-जी (Gen Z) ग्राहकों के लिए खास प्रोडक्ट्स बढ़ाने और क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म मिनट्स (Flipkart Minutes) को तेजी से आगे ले जाने पर काम कर रहे थे, जो अमेजन, एटरनल के ब्लिंकिट (Amazon, Eternal and Blinkit), स्विगी के इंस्टामार्ट (Instamart) और जेप्टो (Zepto) को टक्कर देता है। उनकी अगुवाई में फ्लिपकार्ट की 'द बिग बिलियन डेज' (The Big Billion Days) सेल भारत के फेस्टिव शॉपिंग सीजन का दूसरा नाम बन गई।
यह भी पढ़ें- नहीं आएगा Flipkart IPO! कंपनी ने टाली योजना और बदला एजेंडा; जानिए क्यों?
कार्यकाल के समापन पर क्या बोले कृष्णमूर्ति?
अपने कार्यकाल के समापन पर कल्याण कृष्णमूर्ति ने कहा,
"फ्लिपकार्ट के इस सफर का हिस्सा बनना मेरे लिए सौभाग्य की बात रही है। हमने जिस बड़े पैमाने पर बिजनेस खड़ा किया है, मुझे उस पर गर्व है, लेकिन जिस तरह से इसे बनाया गया, उस पर भी उतना ही गर्व है। मजबूत नैतिकता, ईमानदारी और गवर्नेंस के ऊंचे मानक फ्लिपकार्ट की ग्रोथ के केंद्र में रहे हैं।"
उन्होंने आगे कहा कि उनकी टीम ने करोड़ों भारतीयों के खरीदारी करने का तरीका बदला है। सभी साथियों, सेलर्स और पार्टनर्स का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि फ्लिपकार्ट की नींव मजबूत है और इसका भविष्य बेहद शानदार है।
वहीं, वॉलमार्ट इंटरनेशनल के प्रेसिडेंट और सीईओ क्रिस निकोलस ने कहा,
"कल्याण की वजह से फ्लिपकार्ट और वॉलमार्ट दोनों ही बेहतर बने हैं। हम उनके नेतृत्व, गवर्नेंस और कंपनी में दिए गए कई योगदानों के लिए आभारी हैं। हम उनके अगले सफर के लिए शुभकामनाएं देते हैं।"
उन्होंने साफ किया कि वॉलमार्ट भारत में अपने दीर्घकालिक अवसरों और फ्लिपकार्ट के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
विवादों और संकट के दौर में हो रही विदाई
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी में यह बदलाव ऐसे वक्त हो रहा है, जब फ्लिपकार्ट कई आंतरिक चुनौतियों से जूझ रही है। कंपनी का आईपीओ (Flipkart IPO) लगातार टल रहा है, जिस पर वॉलमार्ट ने अभी तक कोई फैसला नहीं लिया है।
इससे मौजूदा और पूर्व कर्मचारियों में अपने ESOPs (शेयर विकल्प) को भुनाने को लेकर भारी नाराजगी है। पिछले महीने ही कम से कम 1,000 पूर्व कर्मचारियों ने स्टॉक बायबैक में बराबरी की मांग को लेकर वॉलमार्ट बोर्ड को पत्र लिखा था।
इसके अलावा, कथित रिश्वतखोरी (किकबैक्स) को लेकर वॉलमार्ट की जांच और पिछले एक साल में कम से कम 14 वाइस प्रेसिडेंट (VP) और सीनियर वाइस प्रेसिडेंट (SVP) के इस्तीफे ने भी कंपनी के भीतर माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।