यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 15, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
वित्त मंत्री ने जारी किया जेंडर पैरिटी इंडेक्स, बोले भारत बदलाव के लिए ज्यादा तैयार
जेटली ने कहा कि वर्ष 1991 से पहले भारत के शीर्ष 20 उद्योगपतियों की सूची में जो नाम शामिल थे, ...और पढ़ें

नई दिल्ली (जागरण ब्यूरो)। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने शुक्रवार को कहा है कि भारत अब पहले की तुलना में सुधारों और बदलावों के लिए अधिक तैयार है। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था तेजी से बदल रही है और बीते दो दशकों में उद्यमिता की प्रकृति में भी व्यापक बदलाव आया है। जेटली ने यह बात फिक्की लेडीज ऑर्गेनाइजेशन (एफएलओ) के 33वें वार्षिक सत्र को संबोधित करते हुए कही। जेटली ने इस अवसर पर एफएलओ की ‘जेंडर पैरिटी इंडेक्स’ भी जारी किया। एफएलओ ने यह इंडेक्स तैयार किया है। इसके जरिये किसी भी संगठन में लैंगिक समानता का मूल्यांकन किया जा सकता है।
इस मौके पर एलएलओ की नयी अध्यक्ष वासवी भरत राम ने पदभार संभाला। जेटली ने कहा कि आज भारत की पहचान बदलाव और सुधार स्वीकारने की उसकी छवि से होती है। धीरे-धीरे समाज में लैंगिक समानताएं आ रही हैं। 1991 से पहले भारत में व्यावसायिक माहौल नियंत्रित था लेकिन 1991 के बाद यह बदल गया। आज अर्थव्यवस्था में बदलाव आया है। अर्थव्यवस्था में अब नए विचार और इनोवेशन का बोलबाला है।
जेटली ने कहा कि वर्ष 1991 से पहले भारत के शीर्ष 20 उद्योगपतियों की सूची में जो नाम शामिल थे, आज अगर 20 शीर्ष उद्योगपतियों की सूची बनाई जाए तो उसमें कुछ ही नाम समान मिलेंगे। वित्त मंत्री ने इस अवसर पर एफएलओ की ओर से जानी मानी हस्तियों को ‘द आइकन अवार्ड्स’ भी भेंट किए। जिन शख्सियत को सम्मानित किया गया उनमें उद्यमी शोभना भरतिया, फैशन डिजाइनर अनीता डोंगरे, एचडीएफडी की प्रबंध निदेशक रेणु सूद कर्नाड, फिल्म प्रोड्यूसर फराह खान, द्रोणाचार्य पुरस्कार प्राप्त महावीर सिंह फोगट और अपोलो हॉस्पीटल के अध्यक्ष प्रताप सी. रेड्डी शामिल हैं।
