आगे भी जारी रहेगी तेज विकास दर, सभी राज्य सक्रिय रूप से करें हिस्सेदारी: सीतारमण
तिरुवनंतपुरम से भाजपा उम्मीदवार राजीव चंद्रशेखर की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सीतारमण ने चुनौतियों के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था के लचीलेपन पर जोर देते हुए कहा अगर अर्थव्यवस्था सभी दिक्कतों के बाद भी इस स्तर तक पहुंच गई है तो हमें विश्वास है कि हम विकास की गति को भविष्य में भी बनाए रख सकते हैं। आइए पूरी खबर के बारे में जान लेते हैं।
एएनआइ, तिरुअनंतपुरम। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एक बार फिर भारत की आर्थिक वृद्धि की गति पर विश्वास जताया है। उन्होंने लगातार तीन तिमाहियों में आठ प्रतिशत से अधिक की विकास दर का हवाला देते हुए कहा कि हम आगे भी विकास दर को बनाए रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि तीसरी तिमाही में उल्लेखनीय 8.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
तिरुवनंतपुरम से भाजपा उम्मीदवार राजीव चंद्रशेखर की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सीतारमण ने चुनौतियों के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था के लचीलेपन पर जोर देते हुए कहा, ''अगर अर्थव्यवस्था सभी दिक्कतों के बाद भी इस स्तर तक पहुंच गई है तो हमें विश्वास है कि हम विकास की गति को भविष्य में भी बनाए रख सकते हैं।''
निरंतर विकास के लिए सामूहिक प्रयास को जरूरी बताते हुए उन्होंने प्रत्येक राज्य से भारत के आर्थिक विकास में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विकास के चक्र को राजनीतिक सीमाओं में नहीं बांधा जा सकता है और इसका लाभ पूरे देश के युवाओं को होता है। सीतारमण ने निवेशकों के बीच भारत के बढ़ते आकर्षण का उल्लेख किया और इसका श्रेय मध्यम वर्ग की बढ़ती क्रय क्षमता को दिया।
आर्थिक विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई
वित्त मंत्री का अनुमान है कि 2030 तक मध्यम वर्ग की आबादी 70 करोड़ हो जाएगी और जब देश अपनी स्वतंत्रता की 100वीं वर्षगांठ मना रहा होगा कि तो यह आबादी लगभग 100 करोड़ होगी। उन्होंने भारत में आर्थिक गतिविधियों और सेवा क्षेत्र के विकास की अपार संभावनाओं का जिक्र करते हुए इन अवसरों का लाभ उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
सीतारमण ने आर्थिक विकास को समर्थन देने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस बात का प्रमाण इससे भी मिलता है कि 2020 के बाद से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष कराधान दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।
देश की विकास यात्रा में प्रत्येक राज्य को सक्रिय रूप से हिस्सा लेना चाहिए। यह भारत की वृद्धि है, न कि केवल एक पार्टी या राज्य की। इसका लाभ देश के युवाओं को मिलेगा। आज निवेशक भारत आ रहे हैं, क्योंकि वे यहां के बड़े मध्यम वर्ग को देख रहे हैं।
निर्मला सीतारमण, वित्त मंत्री
यह भी पढ़ें- PhonePe यूजर्स अब UAE में भी कर सकेंगे UPI ट्रांजेक्शन, कंपनी ने NEOPAY से की साझेदारी