सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोना-चांदी खरीदने का आज आखिरी मौका? जानें शुभ मुहूर्त, हॉलमार्क और मेकिंग चार्ज का पूरा गणित

Published: Fri, 06 Nov 2026 01:07 PM (IST)

धनतेरस 2026 पर सोना-चांदी खरीदने के शुभ मुहूर्त और महत्वपूर्ण बातों की जानकारी दी गई है। खरीदारी करते समय हॉलमार्क, ...और पढ़ें

धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदने का आज आखिरी मौका?

धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदने का आज आखिरी मौका?

HighLights

  1. शुभ मुहूर्त: 6 नवंबर सुबह 10:30 से 7 नवंबर सुबह 6:37 तक।

  2. हॉलमार्क, शुद्धता और HUID नंबर की जांच अवश्य करें।

  3. वजन, मेकिंग चार्ज और ताजा भाव की जानकारी लें।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: देशभर में आज 6 नवंबर को धनतेरस का त्योहार मनाया जा रहा है। धनतेरस के मौके पर सोना, चांदी और नए बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है। यही वजह है कि इस दिन ज्वेलरी दुकानों से लेकर सर्राफा बाजारों तक खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ती है। अगर आप भी आज सोने या चांदी के गहने, सिक्के या दूसरी कीमती चीजें खरीदने की योजना बना रहे हैं तो खरीदारी से पहले शुभ मुहूर्त की जानकारी जरूर रख लें। इसके साथ ही सोने की शुद्धता, हॉलमार्क, वजन और मेकिंग चार्ज जैसी बातों को समझना भी जरूरी है, ताकि त्योहार की खरीदारी में आपको किसी तरह का नुकसान न हो।

धनतेरस 2026 पर सोना खरीदने का शुभ मुहूर्त

द्रिक पंचांग के मुताबिक, नई दिल्ली में धनतेरस पर सोना खरीदने (gold buying on dhanteras) का शुभ मुहूर्त 6 नवंबर 2026 को सुबह 10 बजकर 30 मिनट से शुरू हो चुका है। यह मुहूर्त 7 नवंबर की सुबह 6 बजकर 37 मिनट तक रहेगा। यानी खरीदारी के लिए आज के साथ कल सुबह तक का समय भी शुभ माना गया है।

धनतेरस को धनत्रयोदशी भी कहा जाता है। यह कार्तिक महीने के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है। इस साल त्रयोदशी तिथि 6 नवंबर को सुबह 10:30 बजे शुरू हुई और 7 नवंबर को सुबह 10:47 बजे समाप्त होगी।

सोना-चांदी खरीदने से पहले इन 4 बातों का रखें ध्यान

1. हॉलमार्क और शुद्धता जरूर जांचें

सोने की ज्वेलरी खरीदते समय उसकी शुद्धता जांचना सबसे जरूरी है। बाजार में आमतौर पर 22 कैरेट, 18 कैरेट और 14 कैरेट सोने के गहने मिलते हैं। वहीं चांदी 999 फाइन सिल्वर और 925 स्टर्लिंग सिल्वर जैसी अलग-अलग शुद्धता में उपलब्ध होती है। सोने के गहने खरीदते समय BIS हॉलमार्क और 6 अंकों वाला HUID नंबर जरूर जांचें। इसे BIS Care ऐप के जरिए वेरिफाई किया जा सकता है।

2. गहनों का वजन अपने सामने करवाएं

गहने की कीमत तय करने में उसका वजन अहम भूमिका निभाता है। इसलिए ज्वेलरी खरीदते समय दुकानदार से अपने सामने वजन करवाएं। बिल में गहने का कुल वजन और सोने या चांदी का वास्तविक वजन यानी नेट वेट अलग-अलग दर्ज होना चाहिए। इससे आपको पता रहेगा कि आप वास्तव में कितनी धातु खरीद रहे हैं।

3. खरीदारी से पहले ताजा भाव पता करें

सोने और चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव होता रहता है। इसलिए ज्वेलरी शॉप पर जाने से पहले अपने शहर में सोने और चांदी का ताजा भाव जरूर पता कर लें। अलग-अलग दुकानों के रेट की तुलना करने से आपको बेहतर कीमत पर खरीदारी करने में मदद मिल सकती है।

4. मेकिंग चार्ज का पूरा हिसाब समझें

गहने बनाने में लगने वाली कारीगरी और डिजाइन की लागत को मेकिंग चार्ज कहा जाता है। यह कई बार गहने की कीमत के प्रतिशत के हिसाब से लिया जाता है। इसलिए खरीदारी से पहले दुकानदार से मेकिंग चार्ज जरूर पूछें। बिल में सोने या चांदी की कीमत, मेकिंग चार्ज और लागू टैक्स का अलग-अलग ब्योरा लें।

बजट देखकर करें खरीदारी

धनतेरस पर शुभ मुहूर्त में खरीदारी करना परंपरा का हिस्सा है, लेकिन केवल त्योहार के उत्साह में अपनी आर्थिक क्षमता से ज्यादा खर्च करने से बचें। सोना या चांदी खरीदने से पहले बजट तय करें और शुद्धता, वजन, मेकिंग चार्ज व टैक्स का पूरा हिसाब समझकर ही भुगतान करें। इससे आपकी धनतेरस की खरीदारी शुभ होने के साथ-साथ समझदारी भरी भी रहेगी।

 यह भी पढ़ें: पेंशनर्स 30 नवंबर के पहले करें ये काम; सरकार ने शुरू किया अभियान, मोबाइल से ऐसे जमा होगा Life Certificate

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।