सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अमेरिका के एग्री और डेयरी प्रोडक्ट पर मेहरबान हुआ चीन! दोनों देशों के बीच किन बातों पर बनी सहमति?

Published: Wed, 30 Sep 2026 03:07 PM (GMT+05:30)

चीन ने राष्ट्रपति शी चिनफिंग के अमेरिकी दौरे के बाद कई अमेरिकी कृषि उत्पादों पर टैरिफ में कटौती की घोषणा ...और पढ़ें

चीन और अमेरिका के बीच डील

चीन और अमेरिका के बीच डील

HighLights

  1. चीन ने अमेरिकी कृषि उत्पादों पर टैरिफ में कटौती की घोषणा की।

  2. अमेरिकी सोयाबीन को टैरिफ राहत सूची से बाहर रखा गया है।

  3. दोनों देशों ने संयुक्त व्यापार परिषद बनाने पर सहमति जताई।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| हाल ही में चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग का अमेरिकी दौरा समाप्त हुआ है। इसके बाद चीन ने अमेरिकी कृषि उत्पादों पर राहत की घोषणा की है। चीन ने अमेरिका से आयात होने वाले कई कृषि उत्पादों पर टैरिफ में कटौती करने का फैसला किया है। हालांकि अमेरिकी सोयाबीन, जो चीन का सबसे बड़ा कृषि आयात उत्पाद है, उसे इस राहत सूची से बाहर रखा गया है।

यह फैसला ऐसे समय आया है जब चीन और अमेरिका ने व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने और बाजार पहुंच बढ़ाने के लिए दोनो तरफ से “30-फॉर-30” उत्पाद सूचियां जारी की हैं। इन सूचियों में उन उत्पादों को शामिल किया गया है जिन पर दोनों देश टैरिफ में कटौती पर विचार करेंगे।

किन उत्पादों को मिली राहत

चीन की नई सूची में मक्का (corn), गेहूं, ज्वार, वनस्पति तेल, सोया तेल, सोया मील, मांस, डेयरी उत्पाद और कई अन्य कृषि वस्तुएं शामिल हैं। इन उत्पादों पर टैरिफ कम किए जाने की संभावना है ताकि दोनों देशों के बीच व्यापार को बढ़ावा मिल सके।

सोयाबीन पर जारी रहेगी ड्यूटी

अमेरिकी सोयाबीन को इस लिस्ट से बाहर रखा गया है। इस पर अतिरिक्त 10 प्रतिशत टैरिफ लागू रहेगा। व्यापारियों का कहना है कि यह शुल्क इतना अधिक है कि निजी चीनी सोयाबीन प्रोसेसर इसे आसानी से कैरी नहीं कर सकते। हालांकि चीन की सरकारी कंपनियां अमेरिकी सोयाबीन की खरीद बढ़ा रही हैं। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, चीन की सरकारी कंपनियों सिनोग्रेन और कॉफको अब तक 1.2 करोड़ मीट्रिक टन से अधिक अमेरिकी सोयाबीन खरीद चुकी हैं।

अमेरिका की सूची में 77 उत्पाद

चीन की ही तरह दूसरी ओर अमेरिका ने भी जिन प्रोडक्ट्स पर टैरिफ में राहत का विचार किया है, उनकी सूची जारी की है। इसमें कुल 77 उत्पाद शामिल हैं, जिनमें पटाखे, घरेलू उपयोग की वस्तुएं, खेल उपकरण और खिलौने शामिल हैं।

ट्रेड काउंसिल बनाने पर सहमति

दोनों देशों ने एक संयुक्त व्यापार परिषद (Trade Council) बनाने पर भी सहमति जताई है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, काउंसिल का पहला काम 30 अरब डॉलर के प्रोडक्ट्स पर म्यूचुअल टैरिफ कटौती के प्रस्तावों पर चर्चा करना होगा। इसका उद्देश्य दोनों देशों के बीच आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को स्थिर बनाए रखना है।

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के आकलन के अनुसार, जिन एग्री और संबंधित उत्पादों को नई टैरिफ कटौती सूची में शामिल किया गया है, उनका व्यापार 2024 में लगभग 17 अरब डॉलर का था। सोयाबीन को छोड़कर यह आंकड़ा चीन की संभावित खरीद कॉमिटमेंट्स के करीब माना जा रहा है।

खरीद लक्ष्य पर अलग-अलग रुख

मई में व्हाइट हाउस ने कहा था कि चीन ने 2028 तक हर साल 25 अरब डॉलर मूल्य के अमेरिकी कृषि उत्पाद खरीदने पर सहमति जताई है। हालांकि चीन ने किसी विशेष खरीद लक्ष्य की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

एक्सपर्ट्स का मानना है कि अन्य कृषि उत्पादों पर टैरिफ कम होने से चीन के लिए अमेरिकी कृषि आयात बढ़ाना आसान हो सकता है। वहीं सोयाबीन के मामले में कीमतें अभी भी प्रतिस्पर्धी नहीं मानी जा रही हैं, इसलिए टैरिफ कम होने पर भी इसकी मांग में बहुत बड़ा बदलाव नहीं आ सकता।

ये भी पढ़ें: भारत ने ढूंढा अरहर का नया सप्लायर देश, 30000 टन दाल पहुंचेगी भारत! कैसी रहेगी कीमतें?

यह घटनाक्रम चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हाल ही में हुई शिखर वार्ता के बाद सामने आया है। दोनों नेताओं की इस साल यह दूसरी मुलाकात थी, जिसमें व्यापारिक सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा हुई थी।