सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत का सबसे बड़ा बस अड्डा, 36.57 एकड़ में फैला है टर्मिनल; बनाने में खर्च हुए थे ₹103 करोड़, रोज चलती हैं 2000 बसें

Published: Fri, 13 Nov 2026 04:21 PM (IST)

India largest bus terminal: भारत में आपने बहुत सारे बस अड्डे देखें होंगे लेकिन क्या आप जानते हैं भारत का ...और पढ़ें

एशिया का सबसे बड़ा बस अड्डा

एशिया का सबसे बड़ा बस अड्डा

HighLights

  1. चेन्नई में भारत का सबसे बड़ा बस टर्मिनल, 36.57 एकड़ में फैला।

  2. ₹103 करोड़ की लागत से निर्मित, प्रतिदिन 2,000 बसों का संचालन।

  3. यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएँ, एशिया के सबसे बड़े टर्मिनलों में।

बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली: देश में आपने कई बड़े बस अड्डे देखे होंगे, लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत का सबसे बड़ा बस टर्मिनल किस शहर में (india's biggest bus station) है? इसकी विशालता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि यहां से हर दिन करीब 2,000 बसों का संचालन होता है। इतना ही नहीं, यह टर्मिनल एशिया के सबसे बड़े बस टर्मिनलों में भी शामिल है। यात्रियों की सुविधा से लेकर बसों की पार्किंग और संचालन तक के लिए यहां खास इंतजाम किए गए हैं। इसे तैयार करने में उस समय करीब 103 करोड़ रुपये खर्च हुए थे।

हम बात कर रहे हैं तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में स्थित चेन्नई मोफस्सिल बस टर्मिनस (CMBT) की। यह टर्मिनल करीब 36.57 एकड़ में फैला हुआ है। साल 2002 में शुरू हुआ यह बस अड्डा आज भी अपनी क्षमता और सुविधाओं के चलते देश के प्रमुख परिवहन केंद्रों में गिना जाता है।

₹103 करोड़ की लागत से तैयार हुआ था बस अड्डा

चेन्नई के इस विशाल बस टर्मिनल को विकसित करने की जिम्मेदारी चेन्नई मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (CMDA) को सौंपी गई थी। इसकी योजना 1991 से 1996 के बीच तत्कालीन मुख्यमंत्री जयललिता के कार्यकाल में बनाई गई थी। इसके बाद 6 जून 1999 को तत्कालीन मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि ने इसकी आधारशिला रखी।

करीब तीन साल तक चले निर्माण कार्य के बाद 18 नवंबर 2002 को इसे यात्रियों के लिए खोल दिया गया। उस समय इस पूरे प्रोजेक्ट पर लगभग 103 करोड़ रुपये की लागत आई थी। इस टर्मिनल को बनाने का मकसद शहर में बसों की आवाजाही को व्यवस्थित करना, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देना और सड़कों पर ट्रैफिक का दबाव कम करना था।

36.57 एकड़ में फैला है पूरा परिसर

चेन्नई के कोयम्बेडु इलाके में जवाहरलाल नेहरू सलाई यानी इनर रिंग रोड के पास स्थित यह बस अड्डा करीब 36.57 एकड़ जमीन पर बना है। इतने बड़े क्षेत्र में फैले इस परिसर को इस तरह विकसित किया गया है कि बसों के आने-जाने, यात्रियों के चढ़ने-उतरने और बसों को खड़ा करने में किसी तरह की परेशानी न हो।

एक साथ 270 बसों को खड़ा करने की क्षमता

इस बस टर्मिनल की सबसे बड़ी खासियत इसकी बसों को संभालने की क्षमता है। यहां तीन बस फिंगर और छह प्लेटफॉर्म बनाए गए हैं। इनके जरिए करीब 180 बसों के खड़े होने के लिए बस-बे की व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा 60 बसों के लिए अलग पार्किंग क्षेत्र भी बनाया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस पूरे परिसर में एक समय पर करीब 270 बसों को खड़ा किया जा सकता है। यानी यहां नियमित बस संचालन के साथ अतिरिक्त बसों के लिए भी पर्याप्त जगह उपलब्ध है।

रोजाना करीब 2,000 बसों का होता है संचालन

चेन्नई मोफस्सिल बस टर्मिनस सिर्फ अपने बड़े आकार के लिए ही नहीं, बल्कि बसों की आवाजाही के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण है। यहां से तमिलनाडु के अलग-अलग शहरों के अलावा पड़ोसी राज्यों के लिए भी लंबी दूरी की बसें संचालित होती हैं।

इस टर्मिनल से रोजाना करीब 2,000 मोफस्सिल बसों का संचालन होता रहा है। यही वजह है कि यह चेन्नई के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के परिवहन नेटवर्क का भी अहम हिस्सा है।

यात्रियों के लिए खाने-पीने से लेकर मेडिकल सुविधा तक

इस बस अड्डे को बनाते समय यात्रियों की जरूरतों का भी खास ध्यान रखा गया था। यहां सफर के दौरान लोगों को जरूरी सुविधाएं एक ही परिसर में मिल सकें, इसके लिए कई तरह की व्यवस्थाएं की गई हैं।

  • परिसर में रेस्तरां, कैफेटेरिया और छोटी दुकानें बनाई गई हैं।
  • बसों के अलावा ऑटो रिक्शा, टैक्सी और निजी वाहनों के लिए भी अलग पार्किंग की सुविधा है।
  • यात्रियों के बैठने के लिए वेटिंग एरिया और जानकारी लेने के लिए पूछताछ काउंटर बनाए गए हैं।
  • लॉकर रूम, शौचालय और पीने के पानी की व्यवस्था उपलब्ध है।
  • आपातकालीन चिकित्सा सहायता और डिस्पेंसरी की सुविधा भी परिसर में रखी गई है।
  • एटीएम, कार्यालय, कर्मचारियों के विश्राम कक्ष और बसों की छोटी-मोटी मरम्मत के लिए मेंटेनेंस शेड भी बनाए गए हैं।

2018 में बदल दिया गया था बस अड्डे का नाम

चेन्नई के इस बस टर्मिनल को पहले चेन्नई मोफस्सिल बस टर्मिनस यानी CMBT के नाम से जाना जाता था। हालांकि, अक्टूबर 2018 में तमिलनाडु सरकार ने इसका नाम बदलकर पुरैची थलाइवर डॉ. एम.जी.आर. बस टर्मिनस (Puratchi Thalaivar Dr. M.G.R. Bus Terminus) कर दिया। इसका नाम तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और लोकप्रिय अभिनेता एम.जी. रामचंद्रन के सम्मान में रखा गया था।

 यह भी पढ़ें: SIP calculation: 10 साल में बनना है 'करोड़पति'? जानें हर महीने कितने की करनी होगी SIP; देखें पूरा फॉर्मूला

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।