सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 01, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

त्योहारों से पहले कार बाजार में दिखी उम्मीद

By Edited By:
Published: Tue, 01 Oct 2013 10:32 PM (IST)Updated: Mon, 30 Mar 2015 06:40 PM (IST)

नई दिल्ली। त्योहारी सीजन से ठीक पहले ऑटो उद्योग में उम्मीद की नई किरण दिखी है। लगातार दूसरे महीने सितंबर ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली। त्योहारी सीजन से ठीक पहले ऑटो उद्योग में उम्मीद की नई किरण दिखी है। लगातार दूसरे महीने सितंबर में कार कंपनियों की बिक्री में उछाल दर्ज किया गया है। इससे पहले अगस्त में नौ महीने की गिरावट का दौर टूटा था। हालांकि, जानकार सितंबर की बिक्री में तेजी की वजह अक्टूबर से कारों के दाम बढ़ने को भी मान रहे हैं। उनका मानना है कि जो ग्राहक पहले त्योहारों के दौरान वाहन खरीदने की योजना बना रहे थे उन्होंने कीमत बढ़ोतरी के चलते इसका इंतजार करना ठीक नहीं समझा। वैसे, दाम में इजाफे के बावजूद ऑटो कंपनियों ने त्योहारी सीजन से काफी उम्मीदें लगा रखी हैं।

देश की दिग्गज कार कंपनी मारुति सुजुकी की बिक्री में इस दौरान 1.8 फीसद की बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल के इसी महीने के 88,801 इकाई के मुकाबले सितंबर 2013 में कंपनी की बिक्री 90,399 इकाई रही है। इस तेजी में कंपनी की लोकप्रिय सेडान डिजायर की अहम भूमिका रही है। इसकी बिक्री 42.9 फीसद बढ़कर 16,708 इकाई पर पहुंच गई। वहीं, अमेज की बदौलत होंडा कार्स इंडिया की बिक्री 88 फीसद उछल कर 10,354 इकाई हो गई है। कंपनी के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट (बिक्री एवं विपणन) जनेश्वर सेन ने बताया कि इन आंकड़ों ने त्योहारों के दौरान भी सकारात्मक रुख का संकेत दे दिया है।

फोर्ड भी इस महीने 36.51 फीसद ज्यादा कारें बेचने में सफल रही है। इसकी बिक्री 10,640 इकाई रही है। फोर्ड इंडिया के कार्यकारी निदेशक (बिक्री, विपणन एवं सर्विस) विनय पिपरसानिया ने कहा कि खराब आर्थिक हालात के बावजूद ये आंकड़े उत्साहजनक हैं। वहीं, देश की दूसरी सबसे बड़ी कार कंपनी हुंडई और टोयोटा किर्लोस्कर की बिक्री इस दौरान लगभग स्थिर रही है। हुंडई ने जहां इस दौरान पिछले साल सितंबर के 30,851 कारों के मुकाबले 30,601 कारें बेची, वहीं टोयोटा की बिक्री सौ इकाई घटकर 12,015 इकाई रही।

हालांकि, कुछ कंपनियां अब भी अर्थव्यवस्था की सुस्ती से जूझ रही हैं। टाटा मोटर्स के यात्री वाहनों की बिक्री इस महीने 40.51 फीसद घटकर 12,879 इकाई पर आ गई। वहीं, एसयूवी बाजार की अगुवा महिंद्रा एंड महिंद्रा ने घरेलू बाजार में 10.35 फीसद कम (40,574) वाहन बेचे। जनरल मोटर्स की बिक्री भी 4.79 फीसद घटी है।

उधर, दोपहिया बाजार की दिग्गज कंपनी हीरो मोटोकॉर्प की बिक्री सितंबर में 15.78 फीसद बढ़कर 4,68,670 इकाई हो गई है। होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया और यामाहा मोटर इंडिया की बिक्री में क्रमश: 35 और 42 फीसद का इजाफा हुआ है। टीवीएस के दोपहिया वाहनों की बिक्री में भी 16 फीसद का उछाल आया है।