Union Budget 2019: बजट हुआ लीक और चली गई इंग्लैंड के वित्त मंत्री की कुर्सी
वर्तमान सरकार 1 फरवरी को अपना बजट पेश करेगी। ये पूर्ण बजट न होकर अंतरिम बजट होगा।
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। वर्तमान सरकार 1 फरवरी को अपना बजट पेश करेगी। ये पूर्ण बजट न होकर अंतरिम बजट होगा। पहले खबरें आ रही थीं कि वित्त मंत्री अरुण जेटली इस बार का बजट पेश करेंगे, लेकिन बुधवार को इस पर सरकार की ओर से बयान आया कि रेलवे मंत्री पीयूष गोयल को वित्त मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है और वही इस बार का बजट पेश करेंगे। भारतीय बजट को लेकर कई दिलचस्प कहानियां हैं, मसलन भारत का पहला बजट कब पेश हुआ, किसने किया, किस वर्ष किया इत्यादि।
बजट लीक के बाद चली गई इंग्लैंड के वित्त मंत्री की कुर्सी
साल 1947 में षणमुखम शेट्टी की लापरवाही के कारण इंग्लैंड के तत्कालीन वित्त मंत्री की कुर्सी चली गई थी। दरअसल षणमुखम शेट्टी की गलती की वजह से बजट का कुछ हिस्सा लीक हो गया और इंग्लैंड में पत्रकार ने बजट पेश होने से पहले ही टैक्स से संबंधित तमाम जानकारियां सार्वजनिक कर दी। इसके बाद इंग्लैंड के वित्त मंत्री ह्यूज डॉल्टन को इस्तीफा देना पड़ गया था।
यूं तो हर बार देश के केंद्रीय वित्त मंत्री ही बजट पेश करते हैं लेकिन क्या आप जानते हैं कि देश का पहला बजट किसी हिंदुस्तानी ने नहीं बल्कि एक अंग्रेज ने पेश किया था। भारत का पहला बजट एक अंग्रेज ने पेश किया था। ब्रिटिश वायसराय काउंसिल के मेंबर (फाइनेंस) जेम्स विल्सन ने 18 फरवरी 1860 को पहला बजट पेश किया था। आजादी से पहले बनी भारत की अंतरिम सरकार का बजट लियाकत अली खां ने पेश किया था। यह बजट 9 अक्टू बर, 1946 से लेकर 14 अगस्त 1947 तक के लिए था। वहीं आजाद भारत का पहला बजट जो कि एक अंतरिम बजट था उसे तत्कालीन वित्त मंत्री आरके षणमुखम शेट्टी ने 26 नवंबर, 1947 में पेश किया था। दरअसल यह बजट एक तरह की आर्थिक समीक्षा थी।