यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 12, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
भारती एयरटेल करेगी टाटा के मोबाइल कारोबार का अधिग्रहण
भारती एयरटेल टाटा टेलीसर्विसेज के वायरलेस मोबाइल बिजनेस का अधिग्रहण करेगी

नई दिल्ली (जेएनएन)। टाटा की प्रमुख कंपनी टाटा टेलीसर्विसेज को अपने वायरलेस मोबाइल बिजनेस के लिए अब नया खरीदार मिल गया है। जानकारी के मुताबिक टाटा के इस कारोबार का अधिग्रहण भारती एयरटेल करेगी। एन चंद्रशेखरन घाटे में चल रही इस कंपनी के बेचे जाने की जल्द ही घोषणा कर सकते हैं। यह जानकारी सूत्रों के जरिए सामने आई है।
लंबी बातचीत के बाद पक्का हुआ सौदा: सूत्रों के मुताबिक सुनील भारती मित्तल के साथ चली लंबे दौर की बातचीत के बाद यह सौदा पक्का हुआ है। बताया जा रहा है कि यह बातचीत बीते 4 महीनों से चल रही थी। इस बातचीत के बाद अब यह स्पष्ट हो गया है कि टाटा टेलीसर्विसेस अपना वायरलेस मोबाइल बिजनेस भारती एयरटेल को बेचने जा रही है।
क्या हुआ सौदा: इन दोनों कंपनियों के बीच हुए इस बड़े सौदे के मुताबिक 4 करोड़ मोबाइल कस्टमर्स के साथ टाटा टेलीसर्विसेस अपना पूरा वायरलेस बिजनेस कैश फ्री और डेट फ्री आधार पर भारतीय टेलिकॉम दिग्गज एयरटेल को ट्रांसफर कर देगी। आपको बता दें कि मौजूदा समय में टाटा टेली के पास 19 सर्किलों में 800, 1800 और 2100 मेगाहर्ट्स (3जी, 4जी) बैंड में 180 मेगाहर्ट्स स्पेक्ट्रम है।
भारती एयरटेल टाटा के फाइबर ऑप्टिक नेटवर्क का इस्तेमाल करने के लिए भी सौदे पर दस्तखत करेगी। गौरतलब है कि टाटा टेलिसर्विसेज घाटे में चल रही थी। उसे स्पेक्ट्रम के लिए 10 हजार करोड़ रुपये अभी चुकाने हैं। कंपनी पर कर्ज का काफी बोझ है।