बांग्लादेश की अर्थव्यवस्था पर करारी चोट, कपड़ा फैक्ट्रियों पर लगे ताले! भारत के पास बढ़त बनाने का बड़ा मौका
बांग्लादेश का कपड़ा उद्योग श्रमिकों की 140% वेतन वृद्धि की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शनों और फैक्ट्रियों की तालाबंदी से ...और पढ़ें

बांग्लादेश में कपड़ा फैक्ट्रियों के कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने को लेकर प्रदर्शन
HighLights
श्रमिक 140% वेतन वृद्धि की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
विरोध प्रदर्शनों के कारण बांग्लादेश की 147 फैक्ट्रियां बंद हुईं।
बांग्लादेश संकट से भारत के कपड़ा उद्योग को लाभ मिल सकता है।
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली| भारत के टेक्सटाइल सेक्टर को बांग्लादेश से कॉम्पटीशन मिलता है। लेकिन इन दिनों बांग्लादेश का कपड़ा उद्योग समस्याओं का सामना कर रहा है। बांग्लादेश में न्यूनतम मासिक वेतन में 140 प्रतिशत बढ़ोतरी की मांग को लेकर कपड़ा उद्योग के कर्मचारियों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। बढ़ती महंगाई और जीवन-यापन की लागत से परेशान कर्मचारी मौजूदा औसत न्यूनतम वेतन 12,500 टका (करीब 88 यूरो) से बढ़ाकर 30,000 टका (करीब 232 यूरो) करने की मांग कर रहे हैं। विरोध प्रदर्शनों और फैक्ट्रियों में तोड़फोड़ की घटनाओं के बीच कपड़ा उद्योग पर संकट गहरा गया है।
बांग्लादेश दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा कपड़ा निर्यातक देश है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यहां करीब 4,000 कपड़ा फैक्ट्रियों में लगभग 40 लाख कर्मचारी काम करते हैं। देश की कुल विदेशी मुद्रा आय में इस उद्योग की हिस्सेदारी 80% से अधिक है। बांग्लादेश की फैक्ट्रियां अमेरिका और यूरोप के बड़े ब्रांडों के लिए टी-शर्ट, जींस और स्वेटर तैयार करती हैं।
अमेरिका और यूरोप के लिए अहम है बांग्लादेश
1971 में आजादी के बाद बांग्लादेश की आर्थिक तरक्की में कपड़ा उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वर्ष 2025 में अमेरिकी कपड़ा आयात में बांग्लादेश की हिस्सेदारी 10.5% रही। इस मामले में वह वियतनाम और चीन के बाद तीसरे स्थान पर है। यूरोपीय संघ के लिए बांग्लादेश और भी महत्वपूर्ण है। चीन के बाद वह यूरोपीय संघ का दूसरा सबसे बड़ा कपड़ा आपूर्तिकर्ता है। यूरोपीय संघ के कुल कपड़ा आयात में बांग्लादेश की हिस्सेदारी 21.8% है।
फैक्ट्री मालिकों ने अनिश्चितकालीन बंदी का किया ऐलान
कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन के बीच देश के दो प्रमुख उद्योग संगठनों- बांग्लादेश निटवियर मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन (BKMEA) और बांग्लादेश गारमेंट मैन्युफैक्चरर्स एंड एक्सपोर्टर्स एसोसिएशन (BGMEA) ने शनिवार को चेतावनी दी कि यदि अशांति जारी रही तो वे वेतन वार्ता से अलग हो सकते हैं। BGMEA के अध्यक्ष महमूद हसन बाबू ने ढाका में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि जारी अशांति के कारण जिन कपड़ा फैक्ट्रियों में उत्पादन नहीं हो पा रहा है, उन्हें बांग्लादेश के श्रम कानूनों के तहत अगले दिन से अनिश्चितकाल के लिए बंद रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह फैसला लेना आसान नहीं था, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में ऐसा करना जरूरी हो गया था। बांग्लादेश के श्रम कानून में 'नो वर्क, नो पे' का प्रावधान है, जिसके तहत फैक्ट्री मालिक काम बंद होने की स्थिति में कर्मचारियों को वेतन दिए बिना फैक्ट्री बंद रख सकते हैं।
147 फैक्ट्रियों में कामकाज ठप
मीडिया रिपोर्ट्स से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को सावर, अशुलिया और गाजीपुर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों में करीब 147 फैक्ट्रियां बंद रहीं। इनमें अशुलिया की कई फैक्ट्रियां भी शामिल हैं, जहां अनिश्चितकालीन बंदी के नोटिस लगाए गए। गाजीपुर में भी शनिवार को कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। इसके कारण एक घंटे से अधिक समय तक यातायात बाधित रहा।
जनवरी से लागू हो सकता है नया वेतनमान
पिछले सप्ताह सरकार की पहल पर गठित एक समिति में श्रमिकों और उद्योग प्रतिनिधियों के बीच वेतन बढ़ोतरी पर सहमति बनी थी। हालांकि, वेतन वृद्धि की सटीक राशि पर अभी बातचीत जारी है। प्रस्तावित नया वेतनमान जनवरी से लागू किया जाना है। BGMEA और BKMEA ने कहा है कि जब तक फैक्ट्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, तब तक वेतन परिषद की बातचीत जारी रखने का मतलब नहीं है। महमूद हसन बाबू ने कहा कि यदि फैक्ट्रियों में अशांति जारी रहती है तो दोनों संगठन वार्ता में अपनी भागीदारी पर दोबारा विचार करेंगे।
पहले से दबाव में है बांग्लादेश का कपड़ा उद्योग
बांग्लादेश का कपड़ा उद्योग पहले से ही अंतरराष्ट्रीय आपूर्ति व्यवस्था में बाधाओं का सामना कर रहा है। मध्य पूर्व में जारी युद्ध के कारण शिपमेंट को अपने गंतव्य तक पहुंचने में करीब 10 दिन अतिरिक्त लग रहे हैं। उद्योग से जुड़े एक सूत्र ने मिडिया को बताया कि युद्ध के कारण बढ़े परिवहन समय और घरेलू अशांति ने निर्यात क्षेत्र के सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है।
क्रिसमस का मौसम बांग्लादेश के कपड़ा निर्यात के लिए साल का सबसे व्यस्त समय होता है। ऐसे में फैक्ट्रियों का बंद होना निर्यात ऑर्डर और विदेशी मुद्रा आय दोनों के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।
भारत के पास बढ़त बनाने का मौका
भारत का कपड़ा उद्योग तेजी से आगे बढ़ रहा है। सबसे अधिक लोगों को रोजगार देने के साथ ही निर्यात के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। बांग्लादेश की इंडस्ट्री में बढ़ते दबाव के कारण प्रोडक्शन में कमी और एक्सपोर्ट से जुड़ी समस्याओं के कारण भारत को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में बढ़त मिल सकती है। हाल ही में भारत ने कई देशों के साथ फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किया है जिससे देश के कपड़ा उद्योग को गति मिलने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।