ATM से अब निकलेंगे 10, 20 और 50 के भी नोट, सरकार छोटी करेंसी देने के लिए नए ATM लगाने की बना रही योजना
भारत सरकार ₹10, ₹20 और ₹50 के छोटे करेंसी नोटों की उपलब्धता बढ़ाने पर विचार कर रही है। इसका उद्देश्य ...और पढ़ें

ATM से अब निकलेंगे 10, 20 और 50 के भी नोट, सरकार छोटी करेंसी देने के लिए नए ATM लगाने की बना रही योजना
HighLights
सरकार छोटे करेंसी नोटों की उपलब्धता बढ़ाएगी।
₹10, ₹20, ₹50 के नोट एटीएम से निकलेंगे।
मुंबई में पायलट प्रोजेक्ट की टेस्टिंग जारी है।
नई दिल्ली। अगर आप छुट्टों की झंझट से परेशान रहते हैं। 10, 20 और 50 के नोटों की आपको हमेशा जरूरत पढ़ती रहती है, तो यह खबर आपके काम की हो सकती है। दरअसल, भारत सरकार छोटे करेंसी नोटों की उपलब्धता को बेहतर बनाने के तरीकों पर विचार कर रही है।
इसका मकसद यह पक्का करना है कि 10 रुपये, 20 रुपये और 50 रुपये के नोट उन लोगों के लिए आसानी से उपलब्ध हों जो अभी भी रोजाना के लेन-देन के लिए कैश पर निर्भर हैं।
पायलट प्रोजेक्ट के तहत चल रही है टेस्टिंग
10, 20 और 50 रुपये के नोट को ATM में उपलब्ध कराने को लेकर पायलट प्रोजेक्ट के तहत टेस्ट किया जा रहा है। इस प्लान को मुंबई में एक पायलट प्रोजेक्ट के जरिए पहले ही टेस्ट किया जा रहा है।
दरअसल, भारत में डिजिटल पेमेंट तेजी से बढ़ रहे हैं, लेकिन कई भारतीयों की रोजमर्रा की जिंदगी में कैश की अहम भूमिका बनी हुई है। दिहाड़ी मजदूर, स्ट्रीट वेंडर, छोटे दुकानदार और यात्री अक्सर रोजाना की खरीदारी और यात्रा के लिए कैश पर निर्भर रहते हैं।
उनके लिए, 10 या 20 रुपये के नोटों की कमी सिर्फ एक छोटी-मोटी परेशानी से कहीं ज्यादा है। इससे लेन-देन में देरी हो सकती है, बिक्री कम हो सकती है या रोज़ाना की कमाई पर भी असर पड़ सकता है। डिजिटल पेमेंट के लिए स्मार्टफोन और स्टेबल इंटरनेट कनेक्शन की भी जरूरत होती है, जो हमेशा उपलब्ध नहीं होते, खासकर सेमी-अर्बन इलाकों में।
इन जगहों पर लगाई जाएंगी मशीनें
रिपोर्ट के अनुसार, ये मशीनें (ATM Machine) उन जगहों पर लगाई जाएंगी, जहां कैश का इस्तेमाल ज्यादा होता है, जैसे लोकल मार्केट, रेलवे स्टेशन, बस डिपो, हॉस्पिटल और सरकारी दफ्तर। इन जगहों पर अक्सर कैश ट्रांजैक्शन होते हैं, जिससे ये नई सिस्टम को टेस्ट करने के लिए सही जगह हैं।
इस मामले से जुड़े लोगों के हवाले से बताया कि इन आइडिया में नई ऑटोमेटेड टेलर मशीनें, यानी ATM शामिल हैं, जो सिर्फ ₹100 और ₹500 के नोट ही नहीं, बल्कि ₹10, ₹20 और ₹50 के नोट भी निकाल सकेंगी। इसके अलावा, तथाकथित हाइब्रिड ATM पर भी विचार किया जा रहा है जो बड़े नोटों को छोटे नोटों में बदल सकते हैं।
सूत्रों ने बताया, "कम कीमत वाले करेंसी नोट निकालने वाली मशीनों का एक प्रोटोटाइप अभी मुंबई में एक पायलट प्रोजेक्ट के तहत टेस्ट किया जा रहा है। एक बार मंजूरी मिलने के बाद, इस सिस्टम को पूरे देश में लागू किया जाएगा", जिसमें ट्रांसपोर्ट हब, बाजार, अस्पताल और सरकारी दफ्तर जैसी ज्यादा भीड़ वाली जगहों पर हाइब्रिड ATM लगाए जाएंगे।"
