अरुण जेटली आज संभाल लेंगे वित्त मंत्रालय का कामकाज
65 वर्षीय जेटली ने अप्रैल की शुरुआत में ही सर्जरी के चलते ऑफिस आना बंद कर दिया था
नई दिल्ली (बिजनेस डेस्क)। केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली आज (गुरुवार) वित्त मंत्रालय एवं कारपोरेट मामलों के मंत्रालय का कार्यभार संभाल लेंगे। वो करीब तीन महीने बाद काम पर लौटे हैं। यह जानकारी आधिकारिक बयान में सामने आई है। गौरतलब है कि जेटली का हाल ही में किडनी ट्रांसप्लांट का सफल ऑपरेशन हुआ है। वे ऑपरेशन के कारण 14 मई से बिना विभाग के मंत्री बनाए गए थे।
65 वर्षीय जेटली ने अप्रैल की शुरुआत में ही सर्जरी के चलते ऑफिस आना बंद कर दिया था। उनकी गैर मौजूदगी में रेल मंत्री पीयूष गोयल को वित्त मंत्रालय और कारपोरेट मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई थी। प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के करीबी माने जाने वाले जेटली का गैस्ट्रिक बाईपास ऑपरेशन हुआ था ताकि उनकी डायबिटीज (मधुमेह) को नियंत्रण में रखा जा सके।
मई में किडनी ट्रांसप्लांट के बाद हाल ही में अरुण जेटली सदन में सार्वजनिक रूप से देखे गए। वो संसद में हुई अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मौजूद रहे। 12 मई को जेटली को एम्स में भर्ती कराया गया था। एम्से में वह लगभग एक महीने तक डायलिसिस पर रहे। 14 मई को उनका किडनी ट्रांसप्लांट किया गया था, जिसके बाद से वे डॉक्टरों की निगरानी में थे। अरुण जेटली गुर्दे का ऑपरेशन दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में कराया गया था।