सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 10, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आनन्द महिंद्रा ने इस स्टार्टअप में किया 10 लाख डॉलर का निवेश, जानें किस बिजनेस में है यह कंपनी

By Ankit KumarEdited By:
Published: Wed, 10 Jun 2020 01:30 PM (IST)Updated: Thu, 11 Jun 2020 06:45 AM (IST)

GoSocial के अलावा Hapramp 1Ramp.io का परिचालन भी करती है। यह स्टीम ब्लॉकचेन पर आधारित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है।

आनन्द महिंद्रा ने इस स्टार्टअप में किया 10 लाख डॉलर का निवेश, जानें किस बिजनेस में है यह कंपनी
आनन्द महिंद्रा ने इस स्टार्टअप में किया 10 लाख डॉलर का निवेश, जानें किस बिजनेस में है यह कंपनी

नई दिल्ली, पीटीआइ। महिंद्रा समूह के चेयरमैन आनन्द महिंद्रा ने गुरुग्राम की Hapramp कंपनी में 10 लाख डॉलर (करीब 7.5 करोड़) का निवेश किया है। Hapramp एक स्टार्टअप कंपनी है जो ब्लॉकचेन और सोशल मीडिया जैसे सेक्टर्स में काम करती है। IIT वडोदरा के पांच छात्रों ने 2018 में इस स्टार्टअप की स्थापना की थी। आनन्द महिंद्रा ने बुधवार को ट्वीट किया, ''आखिर दो साल के बाद मुझे वह स्टार्टअप कंपनी मिल गई, जिसकी मुझे तलाश थी! Hapramp स्वदेशी कंपनी है, जिसका गठन पांच युवा संस्थापकों ने की है। यह कंपनी रचनात्मकता, प्रौद्योगिकी के साथ-साथ डेटा प्रोटेक्शन को एक साथ लेकर चल रही है। उनके सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म GoSocial पर गौर करिए।'' 

(यह भी पढेंः Savings Account पर ये बैंक दे रहा है 7% ब्याज, कई बैंकों की FD से भी ज्यादा मिल रहा इंटरेस्ट)  

महिंद्रा ने वर्ष 2018 में ट्विटर के जरिए घोषणा की थी कि वह कुछ शर्तों पर खरी उतरने वाली एक भारतीय सोशल मीडिया स्टार्टअप में निवेश कर सकते हैं। उन्होंने महिंद्रा के एक पूर्व अधिकारी जसप्रीत बिंद्रा को अगली पीढ़ी के भारतीय सोशल नेटवर्क स्टार्टअप की तलाश के लिए उनके साथ मिलकर काम करने को कहा था।  

बिंद्रा ने बताया कि Hapramp की टीम Web 3.0 सोशल नेटवर्क विकसित कर रही है। इसका विकास इमरजिंग डिजिटल टेक्नोलॉजी, ठोस बिजनेस मॉडल, कंटेट क्रिएट करने वालों के लिए रिवार्ड और निजी जानकारी की सुरक्षा के आधार पर किया जा रहा है। बिंद्रा ने कहा कि यह सबके लिए अच्छा है क्योंकि इसका विकास यहां भारत में हो रहा है।

सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म GoSocial के अलावा Hapramp, 1Ramp.io का परिचालन भी करती है। यह स्टीम ब्लॉकचेन पर आधारित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है।

Hapramp के सह-संस्थापक और सीइओ शुभेंद्र विक्रम ने इस संदर्भ में कहा, ''हम बहुत सम्मानित महसूस कर रहे हैं, साथ ही काफी उत्साहित हैं। क्रिएटर्स को उनके कंटेट का वाजिब हक दिलाने के हमारे मिशन को यह बड़ी संस्तुति है। हमारी योजना इस फंड के जरिए अपने प्लेटफॉर्म का विस्तार करना है और हम क्रिएटर्स को सशक्त करना चाहते हैं।''