Amazon के संस्थापक Jeff Bezos की संपत्ति ने तोड़ा अपना ही रिकॉर्ड, 171.6 अरब डॉलर पर पहुंची
बेजोस की संपत्ति का पुराना उच्च स्तर 167.7 बिलियन डॉलर था यह 4 सितंबर 2018 का स्तर है। इंडेक्स के मुताबिक बेजोस की संपत्ति में केवल इस साल ही 56.7 बिलियन डॉलर की वृद्धि हुई है।
नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस की संपत्ति ने अपने पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। जबकि पिछले साल तलाक निपटारे के तहत उन्हें अमेजन डॉट कॉम में अपनी हिस्सेदारी के एक चौथाई हिस्से को त्यागना पड़ा था। सीएटल बेस्ड रिटेलर शेयरों में बुधवार को 4.4 फीसद की तेजी आई थी और यह 2,878.70 डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। जिससे जेफ बेजोस की संपत्ति बढ़कर 171.6 बिलियन डॉलर पर पहुंच गई।
ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के अनुसार, बेजोस की संपत्ति का पुराना उच्च स्तर 167.7 बिलियन डॉलर था, यह 4 सितंबर 2018 का स्तर है। इंडेक्स के मुताबिक, बेजोस की संपत्ति में केवल इस साल ही 56.7 बिलियन डॉलर की वृद्धि हुई है। यह ग्रेट डिप्रेशन के बाद की सबसे खराब आर्थिक मंदी के दौरान अमेरिका में एक व्यापक वेल्थ गैप को दर्शाता है। आईपीओ और उछाल वाले इक्विटी बाजारों से बेजोस की संपत्ति को बल मिला है।
ऐसे समय में जब लाखों लोगों ने अपनी नौकरी खो दी है, इस सप्ताह अमेजन ने कहा कि वह अपने अधिकांश फ्रंट लाइन श्रमिकों को बोनस के रूप में 500 डॉलर देने के लिए करीब 500 मिलियन डॉलर खर्च करेगा। हालांकि कंपनी ने अपने संस्थापक की संपत्ति के बारे में टिप्पणी करने से इनकार किया है।
यहां बता दें कि कोरोना वायरस महामारी के चलते ई-कॉमर्स सेक्टर में काफी ग्रोथ हुई है। महामारी के चलते ग्राहक ई-कॉमर्स की तरफ शिफ्ट हुए हैं। इसका भरपूर फायदा अमेजन डॉट कॉम ने उठाया है।
दुनिया के अन्य अमीर व्यक्तियों की बात करें, ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स के अनुसार, दूसरे नंबर पर आते हैं बिल गेट्स। इनकी कुल संपत्ति 114 बिलियन डॉलर है। इनकी संपत्ति में 483 मिलियन डॉलर की बढ़त हुई है।ब्लूमबर्ग बिलियनेयर इंडेक्स में तीसरे नंबर पर हैं मार्क जुकरबर्ग। उनकी संपत्ति 11.8 बिलियन डॉलर की बढ़त के साथ 90.2 बिलियन डॉलर पर आ गई है। बर्नार्ड अर्नाल्ट चौथे स्थान पर हैं। उनकी संपत्ति 17.6 बिलियन डॉलर की गिरावट के साथ 87.7 बिलियन डॉलर पर आ गई है।
(यह आर्टिकल ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट पर आधारित है।)