AI निवेश से वैश्विक सेमीकंडक्टर बाजार में उछाल, 2026 तक 1.6 ट्रिलियन डॉलर के होगा पार
एआई इन्फ्रास्ट्रक्चर में बढ़ते निवेश के कारण 2026 तक वैश्विक सेमीकंडक्टर बाजार 1.6 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंचने का अनुमान ...और पढ़ें

ग्लोबल चिप मार्केट में बड़ा धमाका! $1.6 ट्रिलियन पार पहुंचेगा कारोबार
HighLights
एआई निवेश से 2026 तक सेमीकंडक्टर बाजार 1.6 ट्रिलियन डॉलर होगा।
सैमसंग, एसके हाइनिक्स मेमोरी चिप्स की मांग से बाजार में वृद्धि।
2030 तक वैश्विक सेमीकंडक्टर बाजार 2 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचने की संभावना।
एजेंसी, नई दिल्ली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) इन्फ्रास्ट्रक्चर में बढ़ते निवेश के कारण 2026 में वैश्विक सेमीकंडक्टर बाजार के 1.6 ट्रिलियन डॉलर के पार जाने का अनुमान है। यह इस साल की शुरुआत में लगाए गए अनुमान से 1.5 गुना से भी अधिक है। यह जानकारी एक रिपोर्ट में दी गई।
योनहाप समाचार एजेंसी के अनुसार, यह अनुमान ऐसे समय में सामने आया है, जब एआई उद्योग के कुछ हिस्सों में तकनीक पर नियंत्रण खोने की चिंताओं के चलते इसके विकास की रफ्तार धीमी करने की मांग उठ रही है।
रिपोर्ट में बताया गया कि सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी और एसके हाइनिक्स इंक द्वारा निर्मित मेमोरी चिप्स के वैश्विक सेमीकंडक्टर बाजार में आधे से अधिक हिस्से पर कब्जा करने की उम्मीद है, क्योंकि एआई सिस्टम द्वारा प्रोसेस किए जाने वाले डेटा की मात्रा तेजी से बढ़ रही है।
कोरिया एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट बैंक के रिसर्च सेंटर ने ट्रेंडफोर्स समेत वैश्विक बाजार अनुसंधान कंपनियों के विश्लेषण के आधार पर यह रिपोर्ट तैयार की है।
पिछले साल तक अनुमान था कि वैश्विक सेमीकंडक्टर बाजार 2030 में ही 1 ट्रिलियन डॉलर के आंकड़े को पार करेगा। लेकिन बड़े पैमाने पर डेटा सेंटर संचालित करने वाली प्रमुख अमेरिकी और चीनी हाइपरस्केलर कंपनियों द्वारा एआई इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश तेजी से बढ़ाए जाने के कारण इस अनुमान को काफी बढ़ा दिया गया है।
पिछले महीने के अंत तक डायनेमिक रैंडम एक्सेस मेमोरी (डीआरएएम) और एनएएनडी फ्लैश मेमोरी चिप्स की कीमतें क्रमशः 25 डॉलर और 30.5 डॉलर पर पहुंच गईं। एक साल पहले की तुलना में इनमें क्रमशः 4.4 गुना और 9 गुना की बढ़ोतरी हुई है।
यह भी पढ़ें: 22 सितंबर से बढ़ने वाली है आपकी EMI, इस प्राइवेट बैंक ने महंगा किया लोन; जानिए क्या हैं नई दरें
रिपोर्ट के नवीनतम अनुमान के अनुसार, अगले साल से मेमोरी चिप्स की कीमतों में स्थिरता आने की उम्मीद है। हालांकि, मजबूत मांग के कारण वैश्विक सेमीकंडक्टर बाजार में वृद्धि जारी रहने का अनुमान है और 2030 तक इसके करीब 2 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचने की संभावना है।
रिपोर्ट में कहा गया, "बड़ी टेक कंपनियां सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स और एसके हाइनिक्स जैसी मेमोरी चिप निर्माता कंपनियों के साथ दीर्घकालिक आपूर्ति समझौते कर रही हैं। इससे पहले की तुलना में सेमीकंडक्टर उद्योग को स्थिर करने में मदद मिलेगी।"
उद्योग के सूत्रों के अनुसार, बड़ी टेक कंपनियों का एआई में निवेश और एआई सेवाओं का विस्तार तेजी से होने के कारण निकट भविष्य में मेमोरी चिप बाजार की रफ्तार धीमी पड़ना मुश्किल है।
