सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

8th Pay Commission: फैमिली यूनिट, 2 इंक्रीमेंट, DA मर्जर से OPS बहाली तक, रंजना प्रकाश देसाई से मीटिंग की पूरी कहानी

Published: Thu, 30 Apr 2026 06:51 PM (IST)Updated: Thu, 30 Apr 2026 07:17 PM (IST)

8th Pay Commission Delhi Meeting: केंद्रीय कर्मचारियों के लिए आठवें वेतन आयोग की बैठकों का दौर शुरू हो गया है। ...और पढ़ें

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

नई दिल्ली| आठवें वेतन आयोग (8th Pay Commission) को लेकर देशभर के केंद्रीय कर्मचारियों में हलचल तेज है। आयोग ने बैठकों का दौर शुरू कर दिया है। पहले देहरादून और फिर 28 से 30 अप्रैल तक दिल्ली में अहम बैठक हुई। दिल्ली में NC-JCM की बैठक में आठवें वेतन आयोग की अध्यक्ष रंजना प्रकाश देसाई खुद मौजूद थीं। इस बैठक में कर्मचारियों की तरफ से क्या मुद्दे रखे गए, भविष्य की क्या रूपरेखा है, और पुरानी पेंशन (OPS) से लेकर भत्तों तक पर क्या चर्चा हुई?

इन सभी मुद्दों पर AIRF (ऑल इंडिया रेलवेमेन्स फेडरेशन) के जनरल सेक्रेटरी और NC-JCM स्टाफ साइड के सेक्रेटरी शिव गोपाल मिश्रा ने बेबाकी से अपनी बात रखी है। जागरण बिजनेस से खास बातचीत के दौरान शिव गोपाल मिश्रा ने 16 सवालों में कर्मचारियों की पूरी मांगों को विस्तार से बताया।

पेश हैं बातचीत के मुख्य अंश:

सवाल 1: NC-JCM के मेमोरेंडम में सबसे बड़ी मांगें क्या रखीं?

जवाबः देखिए, इस बार जो मेमोरेंडम हमने पे कमीशन को सौंपा है, उसका सबसे बड़ा और बुनियादी मुद्दा है- फैमिली यूनिट (Family Unit)। सरकार अब तक परिवार को 3 यूनिट का मानती आई है (पति, पत्नी और 2 बच्चे), जो कि बिल्कुल उचित नहीं है। हमने पुरजोर मांग रखी है कि इसमें मां-बाप को भी शामिल किया जाए और परिवार की गणना 5 यूनिट के आधार पर हो।

इसके पीछे हमने मजबूत तर्क दिए हैं। सुप्रीम कोर्ट का फैसला है कि मां-बाप की देखभाल बच्चों की जिम्मेदारी है। सीनियर सिटीजन एक्ट के तहत भी मां-बाप की अनदेखी करने पर जेल तक का प्रावधान है।

श्रम मंत्रालय और लेबर कोर्ट्स ने भी माना है कि मां-बाप परिवार का हिस्सा हैं। तो जब सरकार के ही बनाए कानून और अदालतें यह मानती हैं, तो वेतन आयोग पेरेंट्स को इग्नोर कैसे कर सकता है? दूसरी सबसे बड़ी मांग फिटमेंट फैक्टर और न्यूनतम बेसिक पे को बढ़ाने की है।

सवाल 2: सावतें वेतन आयोग से आठवें वेतन आयोग में कौन से 5 बदलाव होने चाहिए?

जवाब: सातवें वेतन आयोग की कमियों को दूर करने के लिए हमने मुख्य रूप से 5 बड़े बदलावों की मांग की है:

  • प्रमोशन पर 2 इंक्रीमेंट: सातवें वेतन आयोग से पहले जब कर्मचारी प्रमोट होता था, तो उसे 2 इंक्रीमेंट मिलते थे, जिसे बंद कर दिया गया। हमने इसे दोबारा बहाल करने की मांग की है ताकि प्रमोशन का असली फायदा महसूस हो।
  • भत्तों में 3 गुना बढ़ोतरी: शहरों में महंगाई, मकान का किराया और कम्यूटिंग का खर्च बहुत बढ़ गया है। इसलिए HRA (हाउस रेंट अलाउंस) और ट्रांसपोर्ट अलाउंस जैसे सभी भत्तों को कम से कम तीन गुना किया जाना चाहिए।
  • मृत्यु पर 2 करोड़ का मुआवजा: ड्यूटी के दौरान जान गंवाने पर मिलने वाली 25 लाख रुपए की एक्स-ग्रेशिया (अनुग्रह राशि) आज के समय में नाकाफी है। इसे बढ़ाकर कम से कम ₹2 करोड़ किया जाए, या फिर टाटा कंपनी की तरह कर्मचारी की रिटायरमेंट उम्र तक पूरी सैलरी परिवार को दी जाए।
  • महिलाओं के लिए विशेष सुविधाएं: महिलाओं की जरूरतें अलग होती हैं। चाइल्ड केयर लीव (CCL) में जो 20% की कटौती की गई थी, उसे खत्म किया जाए और मेन्स्ट्रुअल (पीरियड) लीव की शुरुआत हो।
  • युवाओं के लिए बेहतर वर्किंग कंडीशन: रेलवे जैसे विभागों में ज्यादातर कर्मचारी युवा हैं। 12-12 घंटे की शिफ्ट खत्म करके 8 घंटे की ड्यूटी हो और वर्किंग व लिविंग कंडीशन सुधारी जाए।

सवाल 3: आठवें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर कैसे तय किया गया?

जवाबः फिटमेंट फैक्टर का आधार कोई हवा-हवाई नहीं है, यह पूरी तरह से डॉ. एक्रॉयड (Dr. Aykroyd) के फॉर्मूले और आज की जमीनी हकीकत पर आधारित है।

  • कैलोरी और डाइट: हमने सरकारी डाटा (CSMR) का हवाला दिया है जो कहता है कि एक व्यक्ति को कम से कम 3490 कैलोरी की जरूरत होती है। इसके लिए दूध, अंडे, सब्जियां, अनाज का जो खर्च आता है, हमने उसका पूरा डाटा 25-26 अलग-अलग जगहों से जुटाकर आयोग को दिया है।
  • भेदभाव खत्म हो: पहले के फॉर्मूले में पुरुष को 1 यूनिट और महिला को 0.8 यूनिट माना जाता था। हमने आयोग से कहा कि महिला का डाइट वेटेज कम आंकना अन्याय है। इसे पुरुष के बराबर (1 यूनिट) किया जाए। बच्चों को 0.8 और माता-पिता को भी 0.8x2 का वेटेज दिया जाए।
  • नया फॉर्मूला: इन सभी (राशन, कपड़ा, ब्रांडेड सामान, मोबाइल डेटा, शिक्षा, चिकित्सा) को 5 यूनिट परिवार के हिसाब से कैलकुलेट करने पर फिटमेंट फैक्टर 3.83 निकल कर आता है। इस आधार पर 18,000 वाली मौजूदा न्यूनतम सैलरी कम से कम ₹69,000 होनी चाहिए।

सवाल 4: रंजना प्रकाश देसाई और NC-JCM की पहली मीटिंग में क्या-क्या बात हुई? फिटमेंट फैक्टर, फैमिली यूनिट, बेसिक पे, HRA से लेकर किन मुद्दों पर बात हुई?

जवाबः 28 अप्रैल को जो पहली आधिकारिक मीटिंग हुई, उसमें मैंने, स्टाफ साइड के नेताओं और अध्यक्ष रंजना प्रकाश देसाई जी ने लंबी बातचीत की। हमने सबसे ज्यादा जोर बेसिक पे और फिटमेंट फैक्टर पर दिया। इसके अलावा, भत्तों पर विस्तार से बात हुई। हमने कहा कि आजकल पढ़ाई बहुत महंगी है, इसलिए चिल्ड्रन एजुकेशन अलाउंस (CEA) कम से कम ₹10,000 प्रति माह होना चाहिए। स्वास्थ्य को लेकर CGHS कार्डधारकों को कैशलेस इलाज में आ रही दिक्कतों का मुद्दा उठाया। रेलवे में काम करने वाले ट्रैकमैन, लोको पायलट, टीआरडी और सिग्नलिंग स्टाफ की जोखिम भरी ड्यूटी (Risk and Hardship Duty) और उन्हें मिलने वाले भत्तों को बढ़ाने पर भी लंबी चर्चा की गई।

सवाल 5: NC-JCM की मांगों से रंजना प्रकाश देसाई कितनी संतुष्ट ?

जवाब: मैं व्यक्तिगत रूप से चौथे, पांचवें, छठे और सातवें वेतन आयोग का गवाह रहा हूं। मुझे रंजना प्रकाश देसाई जी के काम करने के तरीके में छठे वेतन आयोग के अध्यक्ष जस्टिस श्रीकृष्णा जी की झलक दिखाई दी।

वे बहुत रिसेप्टिव (सकारात्मक रूप से सुनने वाली) लगीं। जब मैंने महिलाओं के साथ हुए अन्याय (चाइल्ड केयर लीव में कटौती) की बात की, तो वे मुस्कुराईं और उन्होंने इस विषय को बहुत संवेदनशीलता से समझा। एक महिला चेयरपर्सन होने के नाते उन्हें महिलाओं की समस्याएं बेहतर समझ आती हैं। हालांकि, मैं यह भी जानता हूं कि आयोग के सामने देश की अर्थव्यवस्था और खजाने का भी दबाव होता है, लेकिन उनका रवैया मुझे काफी सकारात्मक लगा।

सवाल 6: आठवां वेतन आयोग लागू होने भारत की इकोनॉमी कैसे बूस्ट होगी?

जवाबः कुछ आलोचक कहते हैं कि वेतन आयोग आने से सरकार का खजाना लुट जाता है और देश को नुकसान होता है। मैं इस बात से बिल्कुल सहमत नहीं हूं।

जब भी पे कमीशन आता है, देश की इकॉनमी को बूस्ट ही मिलता है। जब कर्मचारी के हाथ में पैसा आता है, तो वह उसे तिजोरी में बंद करके नहीं रखता। वह बाजार जाता है- कोई मोटरसाइकिल खरीदता है, कोई फोर-व्हीलर लेता है, कोई घर बनाता है। छठा और सातवां वेतन आयोग आने के बाद हमने देखा है कि कैसे साइकिल पर चलने वाले कर्मचारी कारों में आ गए। यह पैसा बाजार में घूमता है, शेयर मार्केट को उठाता है और अर्थव्यवस्था को सीधे तौर पर मजबूत करता है।"

यह भी पढ़ें- '600 EL का पैसा, फिटमेंट फैक्टर 3.83 और...', मीटिंग में 8th Pay Commission से NC-JCM ने क्या-क्या मांग लिया?

सवाल 7: क्या DA मर्जर के मुद्दे को रंजना प्रकाश देसाई के सामने रखा गया?

जवाबः बिल्कुल रखा गया। हमने साफ शब्दों में कहा है कि 50% महंगाई भत्ते (DA) को बेसिक पे में मर्ज कर दिया जाना चाहिए। इससे अपने आप कई भत्ते बढ़ जाएंगे। और अगर सरकार किसी कारण से अभी DA मर्ज नहीं करना चाहती है, तो कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से 'अंतरिम राहत' (Interim Relief) दी जानी चाहिए। यह मुद्दा अब पे कमीशन और सरकार के बीच चर्चा के बाद ही आगे बढ़ेगा।

सवाल 8: NPS, UPS और OPS बहाली पर क्या बोले शिव गोपाल मिश्रा?

जवाबः सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन (OPS) के दायरे में लाना ही सबसे उचित कदम होगा। हमारे युवाओं की साफ मांग है कि उन्हें कंट्रीब्यूटरी पेंशन (जहां उनका पैसा कटता है) नहीं चाहिए, बल्कि डिफाइंड पेंशन चाहिए।

हमने पे कमीशन से OPS बहाल करने की सिफारिश करने की मांग की है। पिछली बार सातवें वेतन आयोग ने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया था कि यह उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है। सरकार ने OPS तो नहीं दी, लेकिन हमारे कड़े संघर्ष और प्रधानमंत्री के हस्तक्षेप के बाद UPS (Unified Pension Scheme) लाई गई है, जिसमें कम से कम 50% पेंशन की गारंटी है। हमारा स्टैंड साफ है- नाम चाहे ओपीएस रखो, यूपीएस रखो या "मोदी पेंशन स्कीम" रख दो, लेकिन इसके फीचर्स पुरानी पेंशन वाले ही होने चाहिए।"

सवाल 9: NPS-OPS पर युवाओं को कौन बरगला रहा है?

जवाबः कुछ यूनियन नेता और स्वार्थी लोग, जिन्हें सीक्रेट बैलेट इलेक्शन (चुनाव) जीतने हैं, वे युवाओं को बरगला रहे हैं। जब हम सरकार से नेगोशिएट कर रहे थे, तो यही नेता फोटो खिंचवाने के लिए आगे रहते थे और बाहर आकर कहते थे कि बहुत अच्छा समझौता हो गया। लेकिन जब उन्होंने देखा कि युवा नाराज हैं, तो हवा का रुख देखकर झूठ बोलने लगे कि "हम तुम्हें OPS दिला देंगे।"

हम जानते हैं कि सरकार अभी OPS नहीं देने वाली है। तो हम क्या करते? क्या कर्मचारियों को ₹800 या ₹1200 की पेंशन पर रिटायर होने के लिए छोड़ देते? हमने जिम्मेदारी दिखाई और गारंटीड आधी पेंशन वाला सिस्टम लागू करवाया। झूठ बोलकर राजनीति करना हमारी फितरत नहीं है।

सवाल 10: NPS, UPS और OPS में क्या चुनेंगे शिव गोपाल मिश्रा, क्या इस पर आंदोलन की संभावना है?

जवाबः अगर मुझे चुनना पड़े, तो मेरी और हम सबकी पहली पसंद OPS (पुरानी पेंशन) ही होगी।

जहां तक आंदोलन की बात है, तो अभी इस मुद्दे पर बड़े आंदोलन की संभावना कम है। इसका कारण यह है कि UPS में OPS के करीब 85% फीचर्स हमें मिल चुके हैं। जो आदमी पहले 1200 रुपये लेकर जा रहा था, उसे कम से कम आधी सैलरी की गारंटी तो मिली। अब बचे हुए 15% फीचर्स (जैसे 25 साल की सर्विस लिमिट को कम करना) के लिए हम सड़कों पर उतरने की बजाय 'नेगोशिएशन' (बातचीत) का रास्ता अपनाएंगे। जो सरकार 85% दे सकती है, वह बातचीत से 15% भी दे सकती है।

सवाल 11: UTs में अभी तक UPS की सुविधाओं लागू क्यों नहीं हो पाईं?

जवाबः केंद्र शासित प्रदेशों (UTs) और कुछ अन्य जगहों पर यह अभी पूरी तरह से लागू नहीं हो पाया है क्योंकि शुरुआत में इसे अपनाने (Adoption rate) वालों की संख्या उम्मीद से कम थी। युवाओं में भ्रम था। करीब 3 लाख लोगों ने ही इसे चुना था, जबकि 7 लाख वेटिंग में थे।

लेकिन अब जब कर्मचारियों को दिख रहा है कि बाजार के उतार-चढ़ाव (जैसे ग्लोबल वॉर और क्राइसिस) के कारण NPS में उनका पैसा डूब रहा है, तो वे यूपीएस की तरफ आ रहे हैं। सरकार जल्द ही इसके लिए एक और विंडो खोलेगी। यूपी के मुख्यमंत्री और कर्नाटक के मुख्यमंत्री (सिद्धारमैया) ने भी इसके फीचर्स की तारीफ की है और वहां कमेटियां इसे राज्य में लागू करने का आकलन कर रही हैं।

यह भी पढ़ें- 8th Pay Commission की दूसरी मीटिंग के बीच आ गई बड़ी खबर, वेतन आयोग ने बढ़ा दी सुझाव देने की अंतिम तारीख

सवाल 12: रेलवे के मेमोरंडम के सबसे अहम मुद्दे क्या होंगे?

जवाबः रेलवे की नौकरी बहुत कठिन और जोखिम भरी है। औसतन हर साल करीब 600 रेलकर्मी ड्यूटी के दौरान शहादत देते हैं।

हमारे मेमोरेंडम में सबसे बड़ा मुद्दा Risk and Hardship Allowance का है। सातवें वेतन आयोग ने यह भत्ता ट्रैकमैन को दिया था, लेकिन हमने मांग की है कि इसे TRD, सिग्नलिंग, मेंटेनेंस स्टाफ, ट्रेन मैनेजर और रनिंग स्टाफ (लोको पायलट) को भी दिया जाए। इसके अलावा काम के घंटे (जो 12-12 घंटे हैं) उन्हें सख्ती से 8 घंटे किया जाए। और ड्यूटी पर मृत्यु होने पर 1 करोड़ का मुआवजा फिक्स किया जाए।

सवाल 13: पैटरनिटी, मैटिरनिटी, चाइल्ड केयर लीव और पीरियड लीव बढ़ाने से लेकर EL तक, क्या-क्या डिमांड?

जवाबः महिलाओं और पुरुषों दोनों के पारिवारिक दायित्वों को लेकर हमने कुछ ठोस मांगे रखी हैं:

  • पैटरनिटी लीव (Paternity Leave): पिता को मिलने वाली 15 दिन की छुट्टी बहुत कम है। नवजात बच्चे की देखभाल के लिए इसे बढ़ाकर 45 दिन किया जाना चाहिए।
  • मैटरनिटी लीव (Maternity Leave): इसे और बढ़ाने की जरूरत है।
  • चाइल्ड केयर लीव (CCL): सातवें वेतन आयोग ने इसमें 20% पे-कटौती कर दी थी, उसे वापस 100% फुल-पे के साथ बहाल किया जाए।
  • पीरियड लीव: महिलाओं के लिए मेन्स्ट्रुअल लीव की व्यवस्था हो और कार्यस्थल पर उनके लिए विशेष सेल (Special Cells) और फ्लेक्सी लीव की सुविधा बनाई जाए।

सवाल 14: रेलवे में 5 सुधार और कर्मचारियों की मेंटल हेल्थ में कैसे आएगा सुधार?

जवाबः मानसिक स्वास्थ्य और बेहतर जीवन के लिए हमने 5 बड़े सुधारों पर फोकस किया है:

  • वर्किंग आवर्स: 12 घंटे की कमरतोड़ शिफ्ट खत्म कर 8 घंटे की ड्यूटी लागू हो।
  • लिविंग कंडीशन: जब कर्मचारी ड्यूटी से घर जाए, तो उसे ऐसा वातावरण मिले जो तनावमुक्त (Stress-free) हो। आवास भत्ते और सुविधाओं में सुधार हो।
  • वर्किंग प्लेस सेफ्टी: कार्यस्थल पर सुरक्षा सुनिश्चित हो, खासकर महिला कर्मचारियों के लिए।
  • मेडिकल फैसिलिटी: सर्विंग कर्मचारियों को बिना किसी अड़चन के कैशलेस इलाज की सुविधा मिले।
  • पर्याप्त छुट्टियां: परिवार के साथ वक्त बिताने के लिए लीव सिस्टम को और लचीला बनाया जाए ताकि काम का मानसिक दबाव कम हो।

सवाल 15: कैडर री-स्ट्रक्चरिंग और आठवां वेतन आयोग कैसे कर्मचारियों का जीवन बेहतर करेगा?

जवाबः आज रेलवे के 12 लाख कर्मचारियों में से लगभग 9 लाख कर्मचारी युवा हैं। वे पुरानी बातों में नहीं, अपने भविष्य में जीते हैं।

आठवां वेतन आयोग उनके इसी भविष्य का ढांचा तैयार करेगा। 'कैडर री-स्ट्रक्चरिंग' का सीधा मतलब है कि उनके प्रमोशन के रुके हुए रास्ते खुलेंगे। जब किसी कर्मचारी को पता होगा कि उसे समय पर प्रमोशन मिलेगा, अच्छा फिटमेंट फैक्टर लगकर सैलरी मिलेगी और जोखिम भरे काम के लिए अतिरिक्त सुरक्षा और भत्ता मिलेगा, तो उसके अंदर की कुंठा खत्म होगी। यह पे कमीशन भारत के 'यंग वर्कर्स' की आकांक्षाओं को पूरा करने का काम करेगा।

सवाल 16: आठवां वेतन आयोग देश के कितने शहरों में मीटिंग करेगा?

जवाबः वेतन आयोग ने अपना काम जमीनी स्तर पर शुरू कर दिया है। उन्होंने बैठकों का दौर शुरू किया है, जिसकी शुरुआत देहरादून से हुई और अब दिल्ली में मीटिंग्स हो रही हैं।

चीजों को हवा में तय नहीं किया जा रहा है। हमने आयोग को जो राशन और महंगाई के आंकड़े दिए हैं, वे देश के किसी एक कोने से नहीं, बल्कि पूरे भारत में 25 से 26 अलग-अलग जगहों से इकट्ठा किए गए हैं। आयोग भी देश की नब्ज समझने और कर्मचारियों के वास्तविक खर्चों का आकलन करने के लिए विभिन्न हिस्सों में जा रहा है और डाटा का विश्लेषण कर रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।