इस सरकारी बैंक से होम और कार लोन लेना हुआ सस्ता, जानिए
देश के प्रमुख सरकारी बैंक पीएनबी ने होम लोन और कार लोन लेने वालों को एक निश्चित समय के लिए विशेष सौगात दी है
नई दिल्ली (जेएनएन)। देश के प्रमुख सरकारी बैंक पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से होम और कार लोन लेना अब सस्ता हो गया है। बैंक ने एलान किया है कि ग्राहकों को होम लोन, कार लोन या फिर टू व्हीलर लोन लेने पर किसी भी तरह की प्रोसेसिंग फीस नहीं देनी होगी। साथ ही उनसे डॉक्यूमेंटेशन चार्जेज भी नहीं लिये जाएंगे। देशभर में यह ऑफर 31 दिसंबर तक लागू रहेगा। जानकारी के लिए बता दें कि यह स्कीम देश में एक अक्टूबर से लागू हो चुकी है। कंपनी ने यह जानकारी ट्विटर के माध्यम से दी है।
With exciting offers on our #HomeLoan & #VehicleLoan , celebrate more & pay less to realise your dreams. Valid upto 31st Dec, 2017. pic.twitter.com/ZAnQNKSFDh
— Punjab National Bank (@Indiapnb) October 25, 2017
आमतौर पर पीएनबी तीन करोड़ तक के लोन पर कुल लोन की कीमत पर आधे फीसद की प्रोसेसिंग फीस लेता है। हालांकि अधिकतम प्रोसेसिंग फीस 20 हजार रुपये तक की होती है। यदि लोन की राशि तीन करोड़ रुपये से ज्यादा होगी तो बैंक की प्रोसेंसिंग फीस 50 हजार रुपये होगी। आपको बता दें कि अब तक बैंक डॉक्यूमेंटेशन चार्जेस के रूप में ग्राहकों से 1350 रुपये वसूलता था।
मंगलवार को केंद्र सरकार ने बैंकों के पुनर्पुंजीकरण के तहत सरकारी बैंकों में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करने का एलान किया है। इससे बैंकों की कर्ज देने की क्षमता बढ़ेगी।
ऐसे में अगर आप 20 सालों के लिए 30 लाख तक का होम लोन लेने का इरादा बना रहे हैं तो होम लोन लेने से पहले जरा समझ और जान लें अन्य बैंकों की ओर से भी आपको कौन-कौन से ऑफर्स की पेशकश की जा रही है...
लेंडर | फ्लोटिंग रेट | ईएमआई (रुपये) | प्रोसेसिंग फीस |
सेंट्रल बैंक | 8.3% | 25,656 | 0.50 फीसद (अधिकतम) |
एसबीआई | 8.35- 8.70% | 25,751-26,416 | 0.35 फीसद |
ICICI बैंक | 8.35- 8.85% | 25,751-26,703 | 0.50 फीसद |
HDFC बैंक | 8.35- 9.05% | 25,751-27,088 | 0.50 फीसद या 3000 रुपये |
कैनरा बैंक | 8.35- 9.05% | 25,940-26,320 | 0.50 फीसद या 1,500 रुपये |
इलाहाबाद बैंक | 8.5-9.00% | 26,035-26,992 | 1 करोड़ के लोन के लिए 0.40 फीसद |
बैंक ऑफ इंडिया | 8.55-8.60% | 26,130-26,225 | 0.25 फीसद |
एक्सिस बैंक | 8.35-8.85% | 25751-26,511 | एक फीसद या न्यूनतम 10,000 |
यह सभी दरें 10 सितंबर, 2017 तक के डेटा पर आधारित है।
ध्यान दें कि बैंक दो दरों पर होम लोन मुहैया करवाते हैं। एक होती है फिक्स्ड रेट और दूसरी फ्लोटिंग रेट। फ्लोटिंग रेट यानी जिस पर आपको होम लोन दिया जाता है और यह महंगाई और आरबीआई की ओर से ब्याज दरों में की जाने वाली कमी और बढ़त के हिसाब से घटता-बढ़ती रहती है। वहीं फिक्स्ट रेट हमेशा फिक्स ही रहती है इस पर आरबीआई के किसी फैसले या महंगाई का कोई असर नहीं होता है।