पश्चिम चंपारण में पति ने पत्नी को गंडक नदी में फेंका, तेज धारा से बाहर निकाल मछुआरों ने बचाई जान
पश्चिम चंपारण के धनहा पुल से पति ने अपनी पत्नी को गंडक नदी में फेंक दिया। मछुआरों और ग्रामीणों ने महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
HighLights
पति ने पत्नी को धनहा पुल से गंडक नदी में फेंका।
मछुआरे और ग्रामीणों ने महिला को नदी से सुरक्षित बचाया।
पुलिस ने महिला को प्राथमिक उपचार के बाद थाने में रखा।
जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण)। धनहा थाना क्षेत्र स्थित गौतम बुद्ध सेतु (धनहा पुल) से मंगलवार की रात एक व्यक्ति द्वारा अपनी पत्नी को गंडक नदी में फेंकने का मामला सामने आया है।
नदी की तेज धारा में बह रही महिला को सेमरबारी ठोकर के समीप मछली मार रहे मछुआरों और ग्रामीणों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना मिलने पर पहुंची भितहा पुलिस महिला को अपने वाहन से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भितहा ले गई, जहां उपचार के बाद उसकी हालत सामान्य बताई गई।
प्रभारी थानाध्यक्ष दीपा कुमारी ने बताया कि महिला ने अपना नाम प्रियंका साहनी पति त्रिभुवन मद्धेशिया कोलूहा, थाना कोठीबारी, जिला महाराजगंज,उत्तर प्रदेश बताया है। महिला का मायका लवनहा, थाना पिपराइच है।
महिला ने पुलिस को बताया कि उसका पति त्रिभुवन मद्धेशिया उसे बाइक से धनहा पुल पर लेकर पहुंचा था। आरोप है कि पुल पर पहुंचने के बाद पति ने उसे उठाकर गंडक नदी में फेंक दिया।
नदी की तेज धारा में बहती हुई महिला काफी दूर तक चली गई। इसी दौरान भितहा थाना क्षेत्र के सेमरबारी ठोकर के समीप नदी में मछली मार रहे मछुआरों की नजर उस पर पड़ी।
मछुआरों ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सभी की मदद से महिला को नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद घटना की जानकारी भितहा पुलिस को दी गई। पुलिस ने महिला को पीएचसी भितहा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। उपचार के बाद महिला को स्वस्थ बताया ।
प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला को फिलहाल थाना में सुरक्षित रखा गया है। उसके स्वजन को घटना की जानकारी दे दी गई है और उनके थाने पहुंचने की बात कही गई है।
पुलिस के अनुसार, महिला ने अपने पति पर नदी में फेंकने का आरोप लगाया है। घटना धनहा थाना क्षेत्र की है। महिला की ओर से आवेदन मिलने के बाद पति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
