विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पश्चिम चंपारण में अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आने से मछली विक्रेता की मौत, खरीदार जख्मी, सड़क जाम

By Shesh Nath Tiwari Edited By: Dharmendra Singh
Published: Sun, 19 Apr 2026 09:10 PM (IST)

पश्चिम चंपारण के मैनाटांड़-बेतिया मुख्य मार्ग पर एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने मछली बाजार में एक विक्रेता भगरासन साह को कुचल ...और पढ़ें

सड़क जाम करते आक्रोशित ग्रामीण। जागरण

 सड़क जाम करते आक्रोशित ग्रामीण। जागरण

संवाद सूत्र, सिकटा (पश्चिम चंपारण) । मैनाटांड़-बेतिया मुख्य सड़क पर गोपालपुर थाना क्षेत्र के शिवाघाट व बकुलहर चौक के बीच स्थित मछली बाजार में रविवार की सुबह एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने मछली विक्रेता को कुचल दिया। इससे उसकी मौत हो गई।

वहीं मछली खरीदने आए एक आदमी घायल हो गए। उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। एक राहगीर को भी हल्की चोटें आई हैं। मृतक की पहचान चनपटिया थाना क्षेत्र के पीपरा निवासी विंध्याचल साह के पुत्र भगरासन साह (27) के रूप में हुई है।

वहीं गंभीर रूप से घायल बकुलहर गांव निवासी गेनी महतो के पुत्र मनोज कुमार महतो (30) बताए गए हैं। घायल को तत्काल ग्रामीणों की मदद से इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कालेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जाता है कि सीमेंट लदा ट्रैक्टर बेतिया से मर्जदवा की ओर जा रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे दुकान लगाकर मछली काट रहे भगरासन साह को ट्रैक्टर ने कुचल दिया।

वहीं पास में बाइक खड़ी कर मछली खरीद रहे मनोज महतो भी इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर करीब 15 फीट गड्ढे में पलट गया।

घटना के बाद चालक किसी तरह कूदकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को अपने कब्जे में ले लिया।

चालक की पहचान बेतिया के बानूछापर निवासी बासुदेव पंडित के पुत्र सुजीत कुमार पंडित (32) के रूप में हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में कोहराम मच गया।

आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर मुआवजे की मांग को लेकर बेतिया-मैनाटांड़ मुख्य मार्ग को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया। इस दौरान दोनों ओर करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।

ग्रामीण वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष अंकित कुमार ने लोगों को समझाया और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से जाम समाप्त कराया गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रारंभिक जांच में चालक के झपकी आने से ट्रैक्टर अनियंत्रित होने की आशंका है।

वहीं ग्रामीणों का कहना है कि एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में यह हादसा हुआ। थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक इस मामले में आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।