पश्चिमी चंपारण में जिप्सी हादसे में सहोदरा थाने के चालक की मौत, छह घायल
पश्चिमी चंपारण में जिप्सी और कार की टक्कर में सहोदरा थाने के चालक जयप्रकाश सिंह की इलाज के दौरान मौत ...और पढ़ें

प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
HighLights
पश्चिमी चंपारण में जिप्सी-कार की आमने-सामने टक्कर हुई।
सहोदरा थाने के चालक जयप्रकाश सिंह की इलाज के दौरान मौत।
हादसे में महिला दारोगा समेत छह अन्य लोग घायल हुए।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिमी चंपारण)। West Champaran Road Accident: पश्चिमी चंपारण के चनपटिया थाना क्षेत्र में कैथवलिया और महना के बीच मुशहरी चौक के पास सहोदरा थाने की जिप्सी और कार की आमने-सामने हुई टक्कर में घायल चालक जयप्रकाश सिंह की इलाज के दौरान गुरुवार देर शाम गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मौत हो गई।
हादसे में महिला दारोगा समेत छह अन्य लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में कराया जा रहा है।
हादसे में सात हुए घायल
जानकारी के अनुसार, सहोदरा थाने की पुलिस जिप्सी और टाटा कर्व के बीच आमने-सामने की टक्कर हुई थी। जिप्सी में सवार एसआइ प्रतिमा दुबे, गार्ड अर्पण कुमारी, भुवनेश्वर कुमार और चालक जयप्रकाश सिंह समेत चार पुलिसकर्मी घायल हुए थे, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग भी चोटिल हुए।
पुलिसकर्मी बेतिया से लौट रहे थे, जबकि कार चनपटिया की ओर से आ रही थी। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए चनपटिया सीएचसी ले जाया गया था, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
डीआइजी और एसएसपी पहुंचे
घायलों का हाल जानने के लिए चंपारण परिक्षेत्र के डीआइजी हरकिशोर राय और वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
मेडिकल कॉलेज के उपाधीक्षक डॉ. दिवाकर मिश्रा ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल चालक जयप्रकाश सिंह की पहले से बाईपास सर्जरी हुई थी। उनके सीने पर गंभीर चोट लगी थी और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर किया गया था।
पटना ले जाने की थी तैयारी
डॉ. दिवाकर मिश्रा के अनुसार, जयप्रकाश सिंह को बेहतर उपचार के लिए पटना ले जाने की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान देर शाम उनकी मौत हो गई। हादसे में घायल अन्य लोगों की स्थिति गंभीर, लेकिन नियंत्रण में बताई गई है।
सहोदरा थानाध्यक्ष अंजन कुमार ने बताया था कि दुर्घटना में शामिल पुलिस जिप्सी सहोदरा थाने की थी। पुलिस दुर्घटना के कारणों और दूसरे वाहन से जुड़ी जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें- रामनगर: देर रात अलग-अलग सड़क हादसे, दो युवकों की मौत
