विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भारत-नेपाल सीमा पर रामनगर के पास हाथी दांत की बड़ी खेप पकड़ी गई, 4 तस्कर गिरफ्तार

Published: Thu, 26 Nov 2026 08:19 PM (GMT+05:30)

डीआरआई और बिहार पुलिस ने भारत-नेपाल सीमा के पास रामनगर में हाथी दांत की तस्करी का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में 19.39 किलो हाथी दांत के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया।

पश्चिम चंपारण जिले के शिकारपुर थाने में पुलिस की गिरफ्त में तस्कर। सौजन्य-पुलिस

पश्चिम चंपारण जिले के शिकारपुर थाने में पुलिस की गिरफ्त में तस्कर। सौजन्य-पुलिस

जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। हाथी दांत की खेप, दोपहिया वाहन और भारत-नेपाल सीमा का रास्ता... तस्करों ने तस्करी के लिए पूरी तैयारी कर रखी थी। उन्हें अंदाजा नहीं था कि डीआरआई और बिहार पुलिस की टीम पहले से घात लगाए बैठी है।

रामनगर के पास घेराबंदी हुई तो तस्करी का खेल खत्म हो गया। 19.39 किलो हाथी दांत के साथ चार लोग गिरफ्तार कर लिए गए।

बैग में छिपाकर ले जा रहे थे हाथी दांत

जानकारी के अनुसार, चारों आरोपित दोपहिया वाहनों से हाथी दांत लेकर जा रहे थे। दांतों को एक बैग में छिपाकर रखा गया था। इसी दौरान गुप्त सूचना पर सक्रिय डीआरआई और बिहार पुलिस की टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।

टीम को देखते ही चारों आरोपित भागने लगे। हालांकि, जवानों ने घेराबंदी कर सभी को पकड़ लिया। इसके बाद बैग की तलाशी ली गई तो उसमें से हाथी दांत बरामद हुए।

पटना, भोजपुर और पश्चिम चंपारण के हैं आरोपित

वन प्रमंडल एक के डीएफओ पंकज कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के विश्वभरपुर गांव निवासी संतोष पांडेय, भोजपुर जिले के कोईलवर निवासी रामेश्वर मिश्र तथा पश्चिम चंपारण जिले के नरकटियागंज के जयमंगलापुर गांव निवासी ब्रह्मदेव प्रसाद और नरेश कुमार के रूप में हुई है।

वन विभाग कर रहा पूछताछ

डीआरआई की टीम ने आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए चारों आरोपितों को वन विभाग के हवाले कर दिया है। वन विभाग की ओर से उनसे पूछताछ की जा रही है।

जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हाथी दांत कहां से लाए गए थे और इन्हें किस स्थान पर पहुंचाने की योजना थी। इसके साथ ही तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।