धान-गेहूं के साथ मखाना भी उगाइए, पश्चिम चंपारण के किसानों को मिलेगा कमाई का नया विकल्प
पश्चिम चंपारण में मखाना की पारंपरिक खेती को पुनर्जीवित करने की पहल शुरू हुई है। किसानों को वैज्ञानिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि उनकी आय बढ़े और नए कृषि विकल्प मिलें।

बिहार के पश्चिम चंपारण में मखाना की खेती के लिए 70 किसानों को प्रशिक्षण दिया गया। (फोटो-प्रतीकात्मक)
HighLights
70 किसानों को मखाना उत्पादन तकनीक का प्रशिक्षण मिला।
पश्चिम चंपारण में मखाना की पारंपरिक खेती को पुनर्जीवित किया जा रहा है।
वैज्ञानिक तरीकों से किसानों की आय बढ़ाने का लक्ष्य है।
संवाद सूत्र, मझौलिया (पश्चिम चंपारण)। कभी पश्चिम चंपारण के कई इलाकों में मखाना की खेती किसानों की पहचान हुआ करती थी। समय के साथ यह खेती सिमटती चली गई और खेतों से मखाना की चमक भी फीकी पड़ गई।
अब एक बार फिर इस पारंपरिक खेती को नई पहचान दिलाने की तैयारी है। वैज्ञानिक तकनीक और प्रशिक्षण के सहारे जिले में मखाना की खेती का कमाल दिखाने की पहल शुरू हो गई है। इससे किसानों की आमदनी बढ़ने के साथ खेती के नए विकल्प भी खुलेंगे।
70 किसानों को दिया गया प्रशिक्षण
इस दिशा में कृषि विज्ञान केंद्र माधोपुर ने पहल की है। बुधवार को डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के केवीके माधोपुर और राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र, दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय मखाना उत्पादन तकनीक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिले के करीब 70 किसानों ने हिस्सा लिया। किसानों को मखाना उत्पादन की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराया गया।
पारंपरिक खेती को मिलेगी नई पहचान
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं बेतिया विधायक रेणु देवी ने कहा कि पश्चिम चंपारण में कृषि और जल संसाधनों की भरपूर संभावनाएं हैं। किसान पारंपरिक फसलों के साथ मखाना जैसी अधिक आर्थिक लाभ देने वाली फसलों को भी अपनाएं। उन्होंने वैज्ञानिक तकनीकों का खेतों में इस्तेमाल करने और कृषि में नवाचार को बढ़ावा देने की अपील की।
एक दशक पहले कई इलाकों में होती थी खेती
केवीके माधोपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रधान डॉ. अभिषेक प्रताप सिंह ने बताया कि करीब एक दशक पहले जिले के कई क्षेत्रों में मखाना की खेती होती थी। धीरे-धीरे इसका प्रचलन कम होता चला गया। अब किसानों को दोबारा इस खेती से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि जिले में मखाना उत्पादन को फिर से बढ़ावा मिल सके।
बीज से लेकर जल प्रबंधन तक की जानकारी
राष्ट्रीय मखाना अनुसंधान केंद्र, दरभंगा के प्रभारी निदेशक डॉ. आईएस सिंह ने किसानों को मखाना उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने बीज चयन, नर्सरी तैयार करने, पौधों के रोपण, पोषक तत्वों के प्रबंधन और जल प्रबंधन के बारे में विस्तार से बताया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक तरीके से मखाना की खेती के लिए तैयार करना है। इससे जिले में इस खेती के विस्तार की नई संभावनाएं बन सकती हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।