अभी और सर्द होंगी रातें, दिन में खिलती रहेगी धूप
अमूमन मकर संक्रांति के बाद मौसम में गर्माहट आ जाती है। बुधवार को भी कुछ ऐसा हुआ है।
बेतिया। अमूमन मकर संक्रांति के बाद मौसम में गर्माहट आ जाती है। बुधवार को भी कुछ ऐसा हुआ है। सुबह कोहरे के चादर में ढंकी थी। लेकिन दोपहर 11 बजे के बाद सूर्य निकले। सूर्य की तल्खी ऐसी जैसे बादलों एवं कोहरा को पूरी तरह से खदेड़ दिया। चटख धूप निकली। अलसाई सुबह में घरों में दुबके लोगों ने दोपहर में धूप का जमकर आनंद लिया। बच्चों ने खूब धमाला मचाया। गृहणियां भी धूप में घरों का काम निपटाने में व्यस्त रहीं। बुजुर्गों के लिए तो यह धूप अमृत समान निकला। हालांकि धूप के बावजूद हवाएं चलीं। तेज हवाओं के चलने से शहर में प्रदूषण का स्तर काफी गिर गया। इस वजह से शाम होते ही कोहरे के चादर में एक बार फिर आसमान को अपने आगोश में ले लिया। इस वजह से लोग घरों में दुबक गए। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आने वाले दो दिन तक सर्द हवाएं चलेंगी। मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ा सकती है। इस कारण सुबह और शाम कोहरा छा सकता है, हालांकि दिन में धूप खिली रहेगी। माधोपुर क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र के वरीय वैज्ञानिक डॉ. दिलीप कुमार ने बताया कि पिछले पांच दिनों से दिन भर कोहरा छाया रहता था। अब दिन में कोहरे से निजात मिल जाएगी। शाम को कोहरा छाएगा। रात में ठंड अधिक बढ़ सकती है। हालांकि यह मौसम कृषि के लिए काफी लाभदायक है। गेहूं के फसल को सिचाई करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। दलहन और तेलहन के लिए भी मौसम अनुकूल है।